Bharat Jodo Yatra Congress: कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शनिवार (24 दिसंबर) सुबह बदरपुर बॉर्डर से राजधानी दिल्ली में प्रवेश कर गई। दिल्ली में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi), पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka gandhi Vadra), रॉबर्ट वाड्रा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुए।
Bharat Jodo Yatra का 108वां दिन
कांग्रेस की इस यात्रा का आज 108वां दिन है। दिल्ली में राहुल गांधी 23 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे। दिल्ली में यात्रा निजामुद्दीन, इंडिया गेट सर्किल-आईटीओ-दिल्ली कैंट-दरियागंज से लाल किले की ओर जाएगी। शाम में राहुल गांधी और कुछ यात्री कार से राजघाट, वीरभूमि और शांतिवन जाएंगे और पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज दिल्ली में पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि राष्ट्रीय स्मृति स्थल पर भी जाएंगे।
हम चाहते हैं कि Rahul Gandhi प्रधानमंत्री बनें- पवन खेड़ा
भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा (Pawan Khera) ने राहुल गांधी के बारे में बात करते हुए कहा, “ये तो 2024 तय करेगा, लेकिन हमारे मन में ये है कि राहुल गांधी PM बने।” इससे पहले उन्होंने कहा था कि भारत जोड़ो एक यात्रा के रूप में शुरू हुई फिर एक अभियान बनी और अब एक आंदोलन का रूप ले चुकी है। हर स्तर पर कांग्रेस का लोगों से निरंतर संवाद बना रहे इसलिए 26 जनवरी को ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान शुरू होगा, जो दो महीने तक चलेगा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्विटर पर लिखा, “कन्याकुमारी से मीलों चलकर Bharat Jodo Yatra आज देश की राजधानी दिल्ली पहुंच चुकी है। महंगाई, बेरोज़गारी, असमानता और नफरत की राजनीति के खिलाफ, ये राष्ट्रीय जन-आंदोलन सत्ता के सिंहासन तक पहुंचकर करोड़ों लोगों की आशाओं को समेटे है। हर एक यात्री व राहुल गांधी का अभिनंदन।”
COVID संकट पर भारत सरकार ने कदम उठाए हैं तो Congress विरोध क्यों कर रही है?- अनुराग ठाकुर
वहीं, दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में कहा, “भारत जोड़ो यात्रा एक महीने से ज्यादा समय से चल रही थी। कौन इससे जुड़ रहा था इससे हमें कोई मतलब नहीं था। अगर एक बार फिर दुनियाभर में कोविड का संकट आया है और भारत सरकार ने उचित कदम उठाए हैं तो इसका कांग्रेस पार्टी विरोध क्यों कर रही है?” अनुराग ठाकुर के बयान पर कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा, “आश्चर्य नहीं होगा अगर अनुराग ठाकुर कुछ ऐसा कहें जैसा उन्होंने कुछ समय पहले कहा था-‘गोली मारो’। आप भारत जोड़ो यात्रा को लोगों का जो समर्थन मिल रहा है उसे देखिए।”