किसानों के आंदोलन के बीच आज भारत बंद है। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के साथ मिलकर भारत बंद का ऐलान किया था। किसान अपनी कई मांगों को लेकर डटे हुए हैं। भारत बंद को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में कड़ी सुरक्षा है।

दिल्ली में किसानों के प्रदर्शन के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है। पुलिस ने गुरुवार को इसके लिए अभ्यास भी किया। दिल्ली में किसानों के आंदोलन का आज चौथा दिन है। इसी बीच किसान संगठनों ने मजदूर यूनियनों के साथ भारत बंद ग्रामीण का आह्वान किया है।

दिल्ली पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘भारत बंद’ के लिए पहले से ही सुरक्षा बल सतर्क हैं। किसानों के ‘दिल्ली चलो’ आंदोलन के तीसरे दिन यानी गुरुवार को दिल्ली और हरियाणा बॉर्डर के दो प्रमुख बिंदु यातायात के लिए बंद रहे। पुलिस और जवान दिल्ली में तैनात हैं। उनकी चप्पे-चप्पे पर नजर है।

क्या ट्रैफिक एडवायजरी है?

पुलिस अधिकारी ने आगे कहा कि भारत बंद के दौरान एहतियात बरतने के लिए कड़ी निगरानी रखने के आदेश हैं। पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। वहीं रास्तों पर अभी भी अवरोधक लगे रहेंगे। दरअसल, प्रदर्शन करने वाले किसान अभी भी अंबाला के पास पंजाब और हरियाणा के बीच शंभू बॉर्डर पर बैठे हैं। इस बात को ध्यान में रखते हुए सिंगू और टिकरी बॉर्डर पर किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोकने के लिए अवरोधक लगाए गए हैं।

धारा 144 लागू

यूपी के गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने कहा कि शुक्रवार को किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के मद्देनजर जिले भर में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू की जाएगी। जिसमें अनधिकृत सार्वजनिक सभाओं पर रोक भी शामिल है। पुलिस ने दिल्ली जाने और आने वाले यात्रियों को नोएडा में किए गये यातायात परिवर्तन को लेकर आगाह किया और लोगों को असुविधा से बचने के लिए ‘‘जहां तक संभव हो’’ मेट्रो सेवा का इस्तेमाल करने के लिए आग्रह किया है।

पुलिस ने आगे कहा, ‘‘ संयुक्त किसान संगठन (एसकेएम) और विभिन्न संगठनों विरोध प्रदर्शन जैसे विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसलिए 16 फरवरी को दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू की जाती है।’’ आदेश के अनुसार पांच या इससे अधिक लोगों की गैरकानूनी सभा, राजनीतिक या धार्मिक सहित अनधिकृत जुलूस या प्रदर्शन पर रोक रहेगी।

मेट्रो का अधिक करें इस्तेमाल

पुलिस ने आगे कहा, ‘‘यातायात असुविधा से बचने के लिए दिल्ली जाने वाले लोग जितना संभव हो सके मेट्रो का इस्तेमाल करें। ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते यमुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाने और परी चौक के रास्ते सिरसा से सूरजपुर जाने वाले मार्ग पर सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों का आगमन प्रतिबंधित रहेगा। असुविधा से बचने के लिए चालक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सकते हैं।’’

वहीं भारतीय किसान यूनियन नेता पवन खटाना ने मीडिया से कहा, ‘‘किसानों से कहा गया है कि वे कल खेतों में काम न करें या किसी भी खरीदारी के लिए बाजार न जाएं। व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों से भी कल की हड़ताल में शामिल होने का आह्वान किया गया है।’’

भारत बंद को लेकर नोएडा के सेक्टर-18 मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन ने कहा, ‘‘ बार-बार होने वाले किसान आंदोलन से रोजमर्रा की व्यापारिक गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ता है। नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। परिवहन मार्ग बंद होने से सभी को नुकसान हो रहा है।’’

परेशानी से बचने के लिए इन रास्तों का करें इस्तेमाल

  1. डिपो गोल चक्कर होकर परी चौक की ओर जाने वाले लोग सुपरटेक गोल चक्कर से होंडा सीएल चौक से पी-3 गोलचक्कर, आईएफएस विला गोल चक्कर होकर जा सकते हैं।
  2. कासना से परी चौक होते हुए सूरजपुर की ओर जाने वाले लोग होंडा सीएल चौक से सुपरटेक गोलचक्कर होकर 130 मीटर रोड से होते हुए सकते हैं।
  3. चिल्ला बॉर्डर से दिल्ली जाने वाले लोग सेक्टर-14-A फ्लाईओवर से सेक्टर-15 गोल चक्कर होकर संदीप पेपर मिल चौक और झुंडपुरा चौक से जा सकते हैं।
  4. सूरजपुर से परी चौक की ओर जाने वाले लोग एलजी गोल चक्कर से नॉलेज पार्क होकर एक्सपो मार्ट गोल चक्कर पाएंगे।
  5. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से परी चौक से जाने वाली गाड़ियां गलगोटिया कट से नॉलेज पार्क/एक्सपो मार्ट गोल चक्कर से जा सकते हैं।
  6. यमुना एक्सप्रेस-वे से होकर दिल्ली जाने वाले लोग जेवर टोल से खुर्जा की ओर उतरकर जहांगीरपुर होकर जा सकते हैं।
  7. वहीं पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से उतरकर सिरसा, परी चौक होकर दिल्ली जाने वाली गाजड़ियां सिरसा न उतरकर दादरी, डासना होकर जा सकती हैं।
  8. डीएनडी बॉर्डर से दिल्ली जाने वाला गाड़ियां फिल्म सिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 होकर एलिवेटेड से जा सकती हैं।
  9. कालिंदी बॉर्डर से दिल्ली जाने वाली गाड़ियां महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 होकर जा सकती हैं।