29 मई, रविवार को पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर मानसा के पास हत्या कर दी गई। इस हत्या पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, “सिद्धू मूसेवाला की हत्या से मैं बहुत दुखी और स्तब्ध हूं। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और दुनिया भर में उनके प्रशंसकों के साथ हैं। सभी से शांती बनाए रखने की अपील करता हूं।”
अरविंद केजरीवाल ने क्या कहा: दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, “सिद्धू मूसेवाला की हत्या बेहद दुःखद और स्तब्ध करने वाली है। मैंने अभी पंजाब के CM से बात की। दोषियों को सख़्त से सख़्त सजा दिलवायी जाएगी। मेरी सबसे विनती है कि सब लोग हौसला रखें और शांति बनाए रखें। भगवान मूसेवाला की आत्मा को शांति दे।”
राहुल गांधी ने व्यक्त की संवेदना: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि होनहार कांग्रेस नेता और प्रतिभाशाली कलाकार सिद्धू मूसेवाला की हत्या से गहरा स्तब्ध और दुखी हूं। उनके चाहने वालों और दुनिया भर के प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं।
भाजपा का हमला: मूसेवाला की हत्या पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने आप पर हमला बोलते हुए कहा, “पंजाब के जाने माने चेहरे और राजनीति में भी सक्रिय रहे सिद्धू मूसेवाला की हत्या हो गई। ये बहुत ही दुखद घटना है जो पंजाब की कानून व्यवस्था को स्पष्ट बयां कर रही है। पहले तो उनकी सुरक्षा हटाई, उसके बाद जिन लोगों की भी सुरक्षा हटाई उस पूरी सूची को पब्लिक कर दिया।”
उन्होंने कहा, “एक तरह से ये एक आमंत्रण था उन हत्यारों के लिए कि हमने इन लोगों की सुरक्षा को वापस ले ली है और अब आप लोग अपना काम कर सकते हैं। सही मायने में अगर देखा जाए तो आज कुछ संगीन सवाल अरविंद केजरीवाल के सामने खड़े होते हैं।” पात्रा ने कहा कि पंजाब को अरविंद केजरीवाल और राघव चड्ढा कंट्रोल कर रहे हैं।
पात्रा ने कहा, “अरविंद केजरीवाल और राघव चड्ढा ने भगवंत मान जी को तो सिर्फ एक कठपुतली मुख्यमंत्री के रूप में पंजाब में बैठाया हुआ है और किस तरह से दिल्ली से पंजाब चल रही है वो हम देख रहे हैं और उसका नतीजा भी देख रहे हैं।”
वहीं भाजपा के ही मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “सिद्धू मूसेवाला जो प्रसिद्ध गायक थे और उन्होंने पंजाब की शान बनाई। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की घटिया राजनीति के कारण आज वो शिकार हुए और 20 गोलियों से उन पर हमला हुआ जिसमें उनकी जान चली गई।
उन्होंने कहा कि एक राजनीतिक पार्टी ने घटिया काम किया, लोगों की पहले सुरक्षा हटाओ और फिर उनका नाम अखबारों में छपवाओ। लोगों को पता था कि कल ही उसकी सुरक्षा हटा ली गई है और आज उस पर हमला किया गया। आज उसकी मौत के जिम्मेदार सिर्फ अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह क्या बोले: सिद्धू मूसेवाला की हत्या को लेकर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब की आप सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, “सिद्धू मूसेवाला की निर्मम हत्या चौंकाने वाली है। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी तरफ से गहरी संवेदना है। पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं है। पंजाब में ‘आप’ सरकार बुरी तरह से फेल है, पंजाब में कोई सुरक्षित नहीं।”
इसके अलावा पंजाब के पूर्व गृह मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आरोप लगाते हुए कहा कि भगवंत मान को सबसे पहले पंजाब के DGP को गिरफ़्तार करना चाहिए जिन्होंने मूसेवाला की जान को किसी भी तरह के खतरे से इंकार किया था। पंजाब में मिलिटेंसी के समय भी पंजाब में RPG से हमला नहीं हुआ था। पंजाब के CM कुम्भकर्ण की नींद सो रहे हैं।
रंधावा ने कहा, “यह छोटी बात नहीं है भारत सरकार को इसमें तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए। ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट के तहत कोई भी सुरक्षा की बात नहीं बता सकता। किसी की भी सुरक्षा का मूल्यांकन ADGP और DGP इंटेलिजेंस और ADGP सिक्योरिटी करते हैं। इन तीनों को तत्काल हटा देना चाहिए।”
बता दें कि एक दिन पहले ही सूबे की AAP सरकार ने मूसेवाला समेत तमाम लोगों की सुरक्षा हटाई थी आपको बता दें कि मूसेवाला ने चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ज्वाइन की थी।
