2014 के लोकसभा चुनाव के बाद कुछ हद तक अपना प्रभाव खो चुकी भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया है। इस बार उसने 70 से अधिक सीटों पर विपक्षी वाम मोर्चे और कांग्रेस के गठबंधन का खेल बिगाड़ने का काम किया है। पश्चिम बंगाल में भाजपा को 2014 के लोकसभा चुनावों के 17.5 फीसद की तुलना में इन विधानसभा चुनावों में 10.2 फीसद मत मिले लेकिन पहली बार पार्टी ने इस राज्य में अपने दम पर चुनाव लड़कर तीन सीटें हासिल की हैं। इससे पहले भाजपा 2011 में उपचुनावों में दो बार जीत चुकी है और उसका मत फीसद 4.06 रहा था।

इस विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 2011 के 19.5 लाख मतदाताओं की तुलना में कहीं ज्यादा यानी 56 लाख मतदाताओं के वोट हासिल किए। साथ ही इसने 294 विधानसभा क्षेत्रों में से 262 में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इन स्थानों पर भाजपा को 10 हजार से ज्यादा वोट मिले। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि 2014 में हमें देशभर में नरेंद्र मोदी की लहर के कारण 17 फीसद मत मिले थे। हमारा बंगाल में कोई सांगठनिक आधार नहीं था। हमने जो कुछ भी हासिल किया है, वह हमारी पार्टी की सांगठनिक ताकत की वजह से है। सबसे अच्छी बात सिर्फ तीन सीटें पाना नहीं है बल्कि यह है कि हमने अधिकतम सीटों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है और सात सीटों पर हम दूसरे स्थान पर रहे हैं। घोष ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गठबंधन के उम्मीदवार ज्ञान सिंह सोहनपाल को हराकर खड़गपुर सदर सीट जीती है। इसके अलावा भाजपा ने मालदा की वैष्णवनगर और मादारीहाट सीटों पर गठबंधन के उम्मीदवारों को हराकर जीत हासिल की है। घोष ने कहा कि यह 2019 के लोकसभा चुनाव और 2021 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए हमारा आधार बनेगा। उत्तर से दक्षिण बंगाल तक हमारा मत फीसद बढ़ा है और हम अपने आधार को विस्तार देंगे।

इस बार भाजपा ने 66 सीटों पर 20 से 30 हजार वोट हासिल किए हैं। 16 सीटों पर इसे मिले वोटों की संख्या 30 से 40 हजार रही है। छह सीटों पर इसे मिले वोटों की संख्या 40 से 50 हजार रही है। घोष ने कहा कि हमने भले ही ज्यादा सीटें न जीती हों, लेकिन गठबंधन के लिए और कई सीटों पर तृणमूल कांग्रेस के लिए हमने खेल बिगाड़ दिया है। बंगाल में भाजपा को अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह ने विधानसभा चुनावों के नतीजों को संतोषजनक बताया और उम्मीद जताई कि ये नतीजे बंगाल में पार्टी के लिए एक लांचिंग पैड का काम करेंगे।