सोमवार को पश्चिम बंगाल के चार नगर निगमों के नतीजे घोषित किए गए। चारों नगर निगम में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी ने शानदार जीत दर्ज की। विधाननगर नगर निगम में भाजपा और लेफ्ट का खाता तक नहीं खुला। सिलीगुड़ी में टीएमसी ने 78 प्रतिशत से भी ज्यादा वोट हासिल किए।
शनिवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी, विधाननगर, चंदननगर और आसनसोल नगर निगम के लिए वोट डाले गए थे। सोमवार को इन सभी नगर निगमों के परिणाम घोषित किए गए। राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार सिलीगुड़ी नगर निगम में कुल 47 सीटों में से तृणमूल ने 37 सीटों पर जीत हासिल की। 5 सीटें भाजपा के खाते में गई और 4 सीपीएम ने जीती। एक सीट पर कांग्रेस को भी जीत हासिल हुई।
वहीं विधाननगर नगर निगम की कुल 41 सीटों में 39 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस ने कब्जा जमाया। जबकि सिर्फ 1 सीट कांग्रेस और एक सीट निर्दलीय के खाते में गई। यहां भाजपा और लेफ्ट का खाता तक नहीं खुला। इसके अलावा चंदननगर नगर निगम में भी भाजपा का खाता नहीं खुला। चंदननगर में तृणमूल ने कुल 32 सीटों में 31 सीटें अपने खाते में की। वहीं एक सीट सीपीएम के खाते में गई।
कमोबेश यही हाल आसनसोल में भी रहा। आसनसोल की कुल 106 सीटों में से 91 सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत हासिल की। भाजपा के खाते में 7, सीपीएम के खाते में 2, कांग्रेस के खाते में 3 और 3 सीटें निर्दलीय के खाते में गई। इन चारों नगर निगमों में मतदान के दौरान छिटपुट हिंसक घटनाएं भी हुई थी लेकिन सभी नगर निगम में 70 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ था।
चारों नगर निगम में जीत दर्ज करने के बाद ममता बनर्जी ने एक मीडिया चैनल से बातचीत में कहा कि हमें यह जनादेश देने के लिए लोगों को बधाई और धन्यवाद। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। राज्य चुनाव आयोग और प्रशासन ने लोगों के मताधिकार को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मतदान के दौरान कहीं भी कोई परेशानी नहीं हुई। यह जनादेश हमें और अधिक दृढ़ संकल्प के साथ लोगों के प्रति उत्तरदायी बनाएगा।