कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका दिया है। आम आदमी पार्टी के गुजरात उपाध्यक्ष भेमाभाई चौधरी (AAP Gujarat vice-president Bhemabhai Chaudhary) रविवार को एक अन्य आप नेता के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी (GPCC) के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल (Shaktisinh Gohil) ने दाहोद जिले के अध्यक्ष गोविंद परमार के साथ भेमाभाई चौधरी का पार्टी में स्वागत किया है।

कांग्रेस जॉइन करने के बाद भेमाभाई चौधरी ने कहा कि केवल कांग्रेस पार्टी ही गुजरात में राजनीतिक बदलाव ला सकती है। उन्होंने कहा कि दो दशक लंबे भाजपा शासन के दौरान महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। बता दें कि पिछले कुछ महीनों में AAP के कई नेताओं ने पार्टी छोड़ी है और पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता गुजरात में कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

भेमाभाई चौधरी के पार्टी छोड़ने के बारे में पूछे जाने पर गुजरात AAP प्रमुख इसुदान गढ़वी ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा, “यह संघर्ष का रास्ता है और यह लंबा है। हर दिन, कई लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं और छोड़ रहे हैं। पार्टी में रहते हुए यदि आप खराब प्रदर्शन करते हैं तो उस व्यक्ति को पार्टी के प्रति जवाबदेह होना पड़ता है। ऐसे में उनके लिए दिक्कतें खड़ी हो जाएंगी पार्टी के भीतर सभी को खुश रखना संभव नहीं है। संघर्ष की राह कठिन है, लेकिन आप मजबूत होगी।”

बता दें कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों ही इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं। लेकिन आम आदमी पार्टी पर कांग्रेस के हमले कम नहीं हुए हैं। कुछ दिन पहले ही दिल्ली में कांग्रेस की CWC सदस्य अलका लांबा ने बड़ा बयान देते हुए कहा था कि कांग्रेस दिल्ली की सभी 7 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।

इसके बाद आम आदमी पार्टी ने अलका लांबा के बयान पर नाराजगी व्यक्त की थी। फिर कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी ने कहा था कि यह अलका लांबा का निजी बयान है। लेकिन रविवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी गठित की गई। इस कमेटी में अलका लांबा को भी सदस्य बनाया गया है। अलका लांबा को मिले प्रमोशन के बाद आम आदमी पार्टी भी असहज महसूस कर रही है। वहीं पंजाब में भी कांग्रेस नेताओं ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधना जारी रखा है।