आजाद समाज पार्टी, भीम आर्मी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ अपने संबंधों के बारे में बताते हुए कहा कि वह बड़ी हैं और हम उनका सम्मान करते हैं। वह मां की तरह हैं। चंद्रशेखर आजाद ने कहा, “बच्चे का पहला गुरु मां होती हैं। बड़े-बड़े ही होते हैं। बच्चा कितना भी बड़ा हो जाए, वह मां-बाप से बड़ा नहीं हो सकता है। उनसे राजनीतिक विरोध है। मेरे साथ अन्याय हो रहा है, लेकिन उनके प्रति कोई असम्मान की भावना नहीं है।”
चंद्रशेखर बोले- बसपा सुप्रीमो ने शायद अपना विरोधी मान लिया है
प्राइवेट यूट्यूब चैनल से बात करते हुए चंद्रशेखर ने कहा, “ऐसा लगता है कि मायावती ने हमें अपना राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी या विरोधी मान लिया है और लगता नहीं है कि वे अपने साथ बुलाएंगी। वे लोग भ्रमित हैं जिनको लगता है कि लोग राशन पर वोट दे देंगे, या पैर धोने पर वोट दे देंगे। या सहभोज करने पर वोट दे देंगे। मेरी पालिटिक्स यह है कि समाज के हित में जो भी जहां से कर सकता है करो।” चंद्रशेखर ने साफ किया कि इस बार बदलाव होगा। सबका भ्रम दूर होगा। यूपी में भी होगा और देश के दूसरे कोनों में भी भ्रम दूर होगा।
उन्होंने कहा, “86 महिलाओं का रोज रेप होता है। क्या लोग इसलिए बच्चियां-बेटियां पैदा कर रहे हैं कि उनका रेप हो। इसका जिम्मेदार कौन है। हर एक घंटे में 46 महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न की घटनाएं होती हैं। तब ये सरकारें किसलिए हैं।
मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री क्यों बैठे हैं। इतनी पुलिस सुरक्षा क्यों है। ये क्या कर रहे हैं। इस सरकारों के बारे में और इस तंत्र के बारे में क्या कहा जाए। शर्म आती है देश की राजधानी में निर्भया जैसी घटनाएं होती हैं। आज की सरकारों में बहन-बच्चियां, बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। आप रात में बाहर निकलकर देखिये कैसे-कैसे हादसे हो जा रहे हैं।”
चंद्रशेखर ने कहा मणिपुर की घटना पर सब लोग एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। कोई इसको रोक नहीं रहा है। हर सरकार को रोकना होगा। राजस्थान की सरकार में भी हो रहा है। बिहार की सरकार में भी हो रहा है। दिल्ली की सरकार में भी हो रहा है। सबको रोकना होगा।
