ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर सफल मिशन के बाद गुरुवार को दिल्ली में अपने अनुभव को साझा किया। इसरो अध्यक्ष वी नारायणन के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने अपने अंतरिक्ष मिशन के अनुभवों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द हम किसी को हमारे कैप्सूल से, हमारे रॉकेट से, हमारी धरती से यात्रा करते हुए देखेंगे।

अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने प्रेस वार्ता में कहा कि अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर मिशन का प्रत्यक्ष अनुभव अमूल्य है और किसी भी प्रशिक्षण से कहीं बेहतर है। शुभांशु शुक्ला ने कहा, “भारत आज भी अंतरिक्ष से सारे जहां से अच्छा दिखता है। जय हिंद, जय भारत।”

Axiom-4 मिशन पर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कहा, “यह मिशन बेहद सफल रहा है। हम अपने सभी तकनीकी उद्देश्यों को प्राप्त करने में सफल रहे हैं। ऐसे मिशन के क्रियान्वयन से बहुत सी ऐसी जानकारी मिलती है जिसे मापा या दर्ज नहीं किया जा सकता। मानव अंतरिक्ष मिशन को अंजाम देने का फ़ायदा सिर्फ़ प्रशिक्षण से कहीं ज़्यादा है। वहां रहकर हमें जो अतिरिक्त ज्ञान मिलता है, वह अमूल्य है।”

अंतरिक्ष में 20 दिन बिताने के बाद शरीर गुरुत्वाकर्षण में रहना भूल जाता है- शुभांशु शुक्ला

शुभांशु शुक्ला ने कहा, “पिछले एक साल में मैंने जो भी जानकारी इकट्ठा की है, वह हमारे अपने मिशनों, गगनयान और भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए बेहद उपयोगी होगी। बहुत जल्द हम अपने कैप्सूल से, अपने रॉकेट से और अपनी धरती से किसी को अंतरिक्ष में भेजेंगे। यह अनुभव जमीन पर सीखे गए अनुभव से बहुत अलग होता है। शरीर कई बदलावों से गुज़रता है, अंतरिक्ष में 20 दिन बिताने के बाद शरीर गुरुत्वाकर्षण में रहना भूल जाता है।”

पढ़ें- शुभांशु शुक्ला की पहली फोटो आई सामने

प्रेस ब्रीफिंग के दौरान शुभांशु शुक्ला ने कहा कि यह पूरे देश का मिशन था। उन्होंने आगे कहा कि मैं भारत सरकार, इसरो और शोधकर्ताओं का धन्यवाद करना चाहता हूं। वहीं, दिल्ली में आयोजित इस पीसी को संबोधित करते हुए इसरो के अध्यक्ष डॉ. नारायणन ने कहा कि 2015 से 2025 तक इसरो के मिशन 2005 और 2015 के बीच पूरे किए गए मिशनों से लगभग दोगुने हैं।

पीएम मोदी और राजनाथ सिंह से शुभांशु शुक्ला की मुलाक़ात

इससे पहले ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के सफल मिशन के बाद गुरुवार को दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इससे पहले सोमवार को शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से सफल मिशन पूरा करने के बाद वह 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे और रविवार सुबह दिल्ली पहुंचे। पढ़ें-  18 दिन के बाद शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष से वापसी, जानें क्या बोले पीएम मोदी