कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। लोगों को अगले 48 घंटों तक इन इलाकों में न जाने की सलाह दी है। एडवाइजरी डिफेंस रिसर्च एंड डवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (डीआरडीओ) के हिमपात और हिमस्खलन अध्ययन संस्थान द्वारा जारी की गई है। एडवाइजरी में जम्मू-कश्मीर के बारामूला, कुपवाड़ा, बांदीपुर, कारगिल, शोपियां, अनंतनाग, कुलगाम, राजौरी, डोडा और पुंछ जिलों के तीन हजार मीटर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन होने की संभावना जताई गई।
साथ ही कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश के लाहौल, स्पीति, कुल्लू, चंबा और किन्नौर जिले के तीन हजार मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हिमस्खलन हो सकता है। इसी तरह की चेतावनी उत्तराखंड के चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ जिले में भी जारी की गई है। एडवाइजरी में लोगों को सलाह दी गई है कि वे अगले 48 घंटे तक ऐसे क्षेत्रों में न जाएं।
Read Also: मौसम विभाग की चेतावनीः तेज तूफान की चपेट में आ सकता है भारत
गौरतलब है कि गुरुवार को भारतीय मौसम विभाग ने 11 मार्च से भारत में तूफान आने की चेतावनी जारी की थी। चेतावनी में कहा गया था कि तूफान के दौरान तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, बिहार, झारखंड़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना इससे प्रभावित हो सकते हैं।