Arvind Kejriwal Padyatra Attack: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर ग्रेटर कैलाश इलाके में पदयात्रा के दौरान हमला करने की बात सामने आई है। अरविंद केजरीवाल जब शनिवार को दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में पदयात्रा कर रहे थे तो उन पर एक शख्स ने तरल पदार्थ फेंक दिया। तभी उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उस शख्स को पकड़ लिया। आप कार्यकर्ताओं ने उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिसकर्मियों के हवाले कर दिया गया।
आम आदमी पार्टी ने ट्वीट कर कहा है कि दिल्ली की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने पर पदयात्रा के दौरान बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल पर हमला करवाया है।
पार्टी ने कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की नाकामी फिर जग जाहिर हुई है, दिल्ली में कानून का नहीं, भाजपाई गुंडों का राज है। पार्टी ने पूछा है कि अगर देश की राजधानी में एक पूर्व मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं है तो आम आदमी का क्या होगा?
पिछले महीने भी हमले का लगाया था आरोप
आम आदमी पार्टी ने पिछले महीने भी आरोप लगाया था कि अरविंद केजरीवाल पर हमले की कोशिश की गई है। दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा था कि जब अरविंद केजरीवाल विकासपुरी में पदयात्रा कर रहे थे और लोगों से मिल रहे थे तभी उन पर हमले की कोशिश की गई थी। भारद्वाज ने कहा था कि अगर अरविंद केजरीवाल को कुछ भी होता है तो उसके लिए बीजेपी सीधे तौर पर जिम्मेदार होगी।
कानून व्यवस्था को लेकर अमित शाह पर भड़के केजरीवाल, कहा- दिल्ली में है गैंगस्टर्स का राज

दिल्ली में फिर से सरकार बनाने का दावा कर रही आप
बताना होगा कि दिल्ली में जनवरी, 2025 में विधानसभा के चुनाव होने हैं और आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर दिल्ली में अपनी सरकार बनाने के लिए चुनाव अभियान छेड़ दिया है। दिल्ली में 2013, 2015 और 2020 में आम आदमी पार्टी अपनी सरकार बना चुकी है।
2013 में आप ने कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाई थी जबकि 2015 और 2020 में उसने बहुत बड़े बहुमत के साथ दिल्ली में सरकार बनाने में कामयाबी हासिल की थी। 2015 के विधानसभा चुनाव में आप ने 70 में से 67 सीटें जीती थी जबकि 2020 के विधानसभा चुनाव में उसने 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
दूसरी ओर बीजेपी और कांग्रेस भी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं। हरियाणा और महाराष्ट्र की जीत के बाद बीजेपी के हौसले बुलंद हैं और वह दिल्ली में सरकार बनाने के दावे कर रही है।
केजरीवाल बोले- दिल्ली में है गैंगस्टर्स का राज
केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा था कि पिछले 10 सालों में दिल्ली की कानून व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। केजरीवाल ने कहा था कि जब से अमित शाह गृहमंत्री बने हैं तब से दिल्ली की कानून व्यवस्था और खराब हो गई है।
दिल्ली में जल्द चुनाव होने हैं। जानिए AAP के कोर वोट बैंक को ध्वस्त करने के लिए बीजेपी किस रणनीति पर काम कर रही है। क्लिक कर पढ़िए खबर।