पूर्वोत्तर राज्य असम में भारी बारिश के चलते हालात काफी खराब हैं। राज्य के 28 जिलों में 19 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और एक लाख से ज्यादा लोग राहत शिविरों में हैं। वहीं, दूसरी ओर कुछ लोगों ने इस आपदा में भी अवसर खोज लिया है। मोरंजना क्षेत्र में NH 31 पर बाढ़ का पानी भरने पर लोगों ने मछलियां पकड़ने के लिए जाल डाल दिया।
पानी से भरे राष्ट्रीय राजमार्ग पर मछली पकड़ते लोगों का ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देख सकते हैं कि असम के रंगिया के मोरंजना क्षेत्र में बाढ़ के पानी की वजह से नेशनल हाइवे 31 (NH 31) पूरी तरह डूब गया है। जिसके बाद यहां लोगों ने मछली पकड़ने के लिए जाल डाल दिया। बाढ़ की वजह से हाईवे पर एक साइड की सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया है।
सोशल मीडिया यूजर्स ने भी हाईवे पर मछ्ली पकड़ते लोगों के वीडियो पर तरह-तरह के रिएक्शन दिए। नारद (@dtweetofNarad) नाम के शख्स ने ट्विटर पर लिखा, “आपदा में अवसर का बेहतरीन उदाहरण।”
मनीष देसवाल (@manishdeswal24) नाम के यूजर ने लिखा, “राष्ट्रीय राजमार्ग का पूरी क्षमता से उपयोग।” एक यूजर (@9864ae2319514ab) ने लिखा, “राष्ट्रीय राजमार्ग के फायदे। धन्यवाद नितिन गडकरी जी।”
असम में बाढ़ के हालात: असम में भीषण बारिश से हालात दिन पर दिन बिगड़ते जा रहे हैं। बाढ़ से राज्य के 28 जिलों के 2930 गांवों में 19 लाख लोग प्रभावित हैं। शुक्रवार को बारिश की चपेट में आने से दो बच्चों सहित नौ और लोगों की जान चली गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में और बारिश की आशंका जताते हुए शनिवार को ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
पीएम मोदी ने किया मुख्यमंत्री को फोन: वहीं, इस मामले पर पीएम नरेंद्र मोदी ने असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा से बातचीत कर केंद्र सरकार की तरफ से मदद करने का आश्वासन दिया है। इस बात की जानकारी देते हुए सीएम ने ट्वीट किया, “आज सुबह 6 बजे के करीब पीएम नरेंद्र मोदी से मेरी बातचीत हुई। असम में बाढ़ की स्थिति को लेकर उन्होंने मुझसे जानकारी मांगी। प्राकृतिक आपदा की वजह से लोगों को हो रही कठिनाइयों पर उन्होंने चिंता व्यक्त की है। माननीय प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार से मदद देने का आश्वासन भी दिया है। उनके विनम्र आश्वासन से अभिभूत हूं।”