Himanta Biswa Sarma: गोवा में 14 सितंबर को कांग्रेस के 11 में से 8 विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया। इसको लेकर कांग्रेस भाजपा पर जोड़तोड़ की राजनीतिक करने का आरोप लगा रही है। वहीं कांग्रेस के आरोपों पर असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने साफ किया है कि वह गोवा में कांग्रेस विधायकों के पलायन में शामिल नहीं थे। बता दें कि कांग्रेस से भाजपा में आने वालों में गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत का भी नाम शामिल है।
मैं कभी गोवा नहीं गया:
दरअसल कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि गोवा में कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने के पीछे हिमंत बिस्वा सरमा का हाथ है। इसपर असम सीएम सरमा ने कहा कांग्रेस विधायकों के पलायन में मैं शामिल नहीं था। इंडिया टुडे टीवी से बात करते हुए हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “मुझे नहीं पता कि कांग्रेस मेरी भूमिका के बारे में आरोप क्यों लगाती रहती है। मैं कभी भी राजनीतिक रूप से गोवा नहीं गया।”
बता दें कि कांग्रेस ने आरोप लगाया कि उसके विधायकों को भाजपा में शामिल होने के लिए 30 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी। इसपर असम सीएम ने कहा, “मुझे समझ में नहीं आता कि कांग्रेस ऐसे आरोप कैसे लगा सकती है। लोग रातों-रात भ्रष्ट नहीं हो जाते। अगर आपको लगता है कि एक व्यक्ति 30 करोड़ रुपये (एक विधायक पर) खर्च कर सकता है, तो ऐसे व्यक्ति को आपकी पार्टी ने क्यों रखा था।”
हिमंत सरमा ने कहा कि राजनीतिक रूप से मैं कभी गोवा नहीं गया। ऐसे में कांग्रेस अपने विधायकों को तोड़ने का आरोप मुझपर क्यों लगा रही है, मुझे नहीं पता है। पूरी तरह से इन आरोपों को खारिज करता हूं। सरमा ने कहा कि जैसे लोग एक कंपनी से दूसरी कंपनी में बेहतर मौका देखकर जाते हैं वैसे ही कांग्रेस से भाजपा में प्रधानमंत्री नरेंद्र के नेतृत्व में लोगों की सेवा करने के लिए आए हैं।
वहीं भारत जोड़ो यात्रा पर सरमा ने कहा कि कांग्रेस केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के लोगों का अपमान कर रही है। यह सभी राज्य भारत का अभिन्न हिस्सा हैं। अगर आप भारत जोड़ने की बात कर रहे हैं तो भारत कब टूटा था? सभी लोग भारत के साथ हैं।