महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण मंगलवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। चव्हाण ने सोमवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इस बीच भाजपा में उनका स्वागत करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अशोक चव्हाण ने कुछ ऐसा कहा जिससे वहां मौजूद लोगों में हंसी की लहर दौड़ गयी।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण जो हाल ही में कांग्रेस छोड़ने के एक दिन बाद बीजेपी में शामिल हुए, उन्होंने गलती से मुंबई भाजपा प्रमुख आशीष शेलार को ‘मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष’ कहा। चव्हाण ने कहा, ‘मैं मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष को धन्यवाद देता हूं…’, जिसके बाद उन्हें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनकी गलती को तुरंत सुधारा। अशोक चव्हाण की जुबान फिसलने के कारण हुई इस गलती के बाद फडणवीस और भाजपा समर्थक हंसने लगे।

अभी-अभी भाजपा में शामिल हुआ हूं इसलिए गलती हो गई- अशोक चव्हाण

बाद में गलती के लिए माफी मांगते हुए अशोक चव्हाण ने कहा, “मैं अभी-अभी भाजपा में शामिल हुआ हूं इसलिए गलती हो गई। कांग्रेस में 38 साल बिताने के बाद मैं भाजपा में शामिल होकर एक नई यात्रा शुरू कर रहा हूं।” उन्होंने कहा, ”भाजपा कार्यालय में यह मेरी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस है, कृपया समझें। जब मैं कांग्रेस के साथ था तब मैं उनके प्रति ईमानदार था। अब मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि मेरे क्षेत्र में भाजपा विजयी हो चाहे वह लोकसभा हो या राज्य चुनाव।” पूर्व कांग्रेस नेता ने कहा कि वो कांग्रेस पार्टी में किसी के खिलाफ टिप्पणी नहीं करना चाहता जहां वह इतने सालों से थे। उन्होंने कहा, “देवेंद्र फड़णवीस हमेशा मेरे क्षेत्र और निर्वाचन क्षेत्र के विकास में मददगार रहे हैं।”

अशोक चव्हाण बोले- किसी ने मुझसे बीजेपी में शामिल होने के लिए नहीं कहा

अशोक चव्हाण ने कहा कि यह महाराष्ट्र की संस्कृति है कि केवल अपने राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाना राजनीति का तरीका नहीं है। राज्य की भलाई के लिए हम हमेशा साथ रहे हैं। पूर्व कांग्रेस नेता ने कहा, ”हमारे पास दिग्गज राजनेताओं की विरासत है जिन्होंने हमारे राज्य के विकास के लिए काम किया। यह मेरा निजी फैसला है। किसी ने भी मुझसे बीजेपी में शामिल होने के लिए नहीं कहा है। आखिरी मिनट तक मैं अपने पूर्व सहकर्मियों के साथ था लेकिन हालात ऐसे थे कि मुझे पीएम मोदी के नेतृत्व में समावेशी विकास के लिए यह निर्णय लेना पड़ा।”

वहीं, दूसरी ओर शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने मंगलवार को कहा कि पूर्व कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण का भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना कोई आश्चर्य की बात नहीं है। पर इस बात का अफसोस है कि जिन कुछ नेताओं के पास भाजपा से लड़ने की ताकत और क्षमता है, वे उसके दबाव के आगे झुक रहे हैं।