आज इंडिया गठबंधन की दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली के दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी मौजूद हैं। अपने भाषण में उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल एक शेर हैं और जल्द वह जेल से बाहर आकर आम लोगों के बीच होंगे।
सुनीता केजरीवाल ने कहा-“ये भाजपा वाले कह रहे हैं कि केजरीवाल जी जेल में हैं, उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। क्या आप लोग चाहते हैं कि वे इस्तीफा दें? आपका केजरीवाल शेर है, उन्हें ये लोग ज़्यादा दिन तक जेल में नहीं रख पाएंगे।”
अरविंद केजरीवाल का संदेश पढ़ा
सुनीता केजरीवाल ने अरविंद केजरीवाल का खत भी पढ़ा जिसमें उन्होंने लिखा–”मैं आज वोट नहीं मांग रहा हूं। मैं आपसे किसी को हराने या जिताने की बात भी नहीं कर रहा हूं। मैं आज देश के 140 करोड़ देशवासियों से एक नया भारत बनाने के लिए सहयोग मांगता हूं। मैं आप सबको एक नया भारत बनाने के लिए इनवाइट करता हूं। भारत हजारों साल पुरानी सभ्यता वाला एक महान देश है। हमारे पास सबकुछ है फिर भी हम पिछड़े क्यूँ हैं? हमारे लोग अनपढ़ क्यों हैं? मैं यहां जेल में हूं, यहा काफी कुछ सोचने को मिलता है। मैं यहां भारत माँ के लिए सोचता हूं। वह दर्द में है। आइए एक नया भारत बनाएं।”
केजरीवाल की 6 गारंटी
अरविंद केजरीवाल ने खत में आगे लिखा–“अगर इंडिया एलायंस को मौका दिया जाए तो हम एक नया भारत बनाएंगे। मैं इंडिया एलायंस की ओर से 6 गारंटी पेश करता हूं। सबसे पहले पूरे देश में बिजली कटौती नहीं होगी। दूसरा, गरीबों के लिए बिजली मुफ्त होगी। तीसरा, हम हर गांव में सरकारी स्कूल बनाएंगे। चौथा, हम हर गांव में मोहल्ला क्लिनिक बनाएंगे। हम बेहतर अस्पताल बनाएंगे। पांचवां, किसानों को फसल का सही दाम दिया जाएगा। छठा, दिल्ली के लोगों ने 75 साल तक अन्याय सहा है। हम दिल्ली को राज्य का दर्जा देंगे। हम इन 6 गारंटियों को 5 साल में पूरा करेंगे। मैंने सारी योजना बना ली है।”