चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक ऐसा बयान दिया है जिसके बाद राजनीति गरमाने लगी है। एक रैली के दौरान अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि केंद्र सरकार चंडीगढ़ को पंजाब का हिस्सा बना सकती है।

चंडीगढ़ में एक रैली को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद ने कहा, ”ऐसी अफवाहें चल रही हैं कि कुछ दिनों में केंद्र सरकार चंडीगढ़ को पंजाब को सौंपने जा रही है। अगर ऐसा होता है ..पंजाब में तो आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है, चंडीगढ़ में भी वोट आम आदमी पार्टी को दे देना।”

केजरीवाल ने आगे कहा, ”यहां भाजपा को वोट देने से कोई फायदा तो होगा नहीं, ऊपर आम आदमी पार्टी की सरकार होगी पंजाब में, तो सारे लोगों को मिलकर चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाना है।” अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जैसे दिल्ली के अंदर इतना काम किया, वैसे ही चंडीगढ़ को मिलकर वापस सिटी ब्यूटीफुल बनाएंगे।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चंडीगढ़ को एशिया का सबसे सुंदर शहर माना जाता था, लेकिन पिछले 25 सालों में कांग्रेस और भाजपा दोनों ने मिलकर चंडीगढ़ का बेड़ा गर्क कर दिया है। हम फिर से इसे मिलकर सिटी ब्यूटीफुल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि डड्डूमाजरा में जो कूड़े के पहाड़ हैं, उसे खत्म करेंगे। चंडीगढ़ में किसी भी जगह पर कूड़ा-कचरा नहीं मिलेगा।

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चंडीगढ़ के लोगों से भ्रष्टाचार को खत्म करने का वादा किया। अरविंद केजरीवाल ने वादा किया कि वे दिल्ली की तरह चंडीगढ़ में भी पानी नि:शुल्क देंगे, बेहतर सड़कें बनवाएंगे और शहर की साफ-सफाई एवं रख-रखाव बेहतर तरीके से करेंगे।

वहीं, चंडीगढ़ को पंजाब में मिलाने वाले उनके दावे पर सियासत गरमाने लगी है। हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने अरविंद केजरीवाल पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा, ” वह जनता को गुमराह कर रहे हैं, चंडीगढ़ की जनता बहुत समझदार है। चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी कब्जा करने वाली है।”