Arvind Kejriwal News: दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद राष्ट्रीय राजधानी का पारा अपने चरम पर है। आप नेता दिल्ली में जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं केजरीवाल की पत्नी सुनीता ने केजरीवाल की गिरफ्तारी को राजनीति से प्रेरित बताया है।

वहीं दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में ईडी की गिरफ्तारी के बाद जेल में बंद अरविंद केजरीवाल की रिमांड आज खत्म हो रही है। उनको आज राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा।

राऊज एवेन्यू कोर्ट छावनी में तब्दील

दिल्ली के मुख्यमंत्री की पेशी को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। नई दिल्ली और राऊज एवेन्यू कोर्ट के आस-पास के इलाके को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया है। आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन की खबर मिलने के बाद पुलिस और अर्धसैनिक बलों को सुरक्षा में लगाया गया है।

1000 सुरक्षा बल तैनात

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 1000 हजार स्टाफ को किया तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस ने बीजेपी मुख्यालय, पीएम हाउस और एलजी आवास तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है।

विरोध-प्रदर्शन करने वालों को हिरासत में लेने का आदेश

केजरीवाल की कोर्ट में पेशी को देखते हुए सुरक्षा की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस के एसीपी और एसएचओ को दी गई है। साथ ही विरोध-प्रदर्शन करने वालों को हिरासत में लेने के आदेश दिए गए हैं।

बिना चेकिंग के वाहन नहीं जा सकेंगे आगे

वाहनों को भी बिना चेकिंग के आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। नई दिल्ली की सीमा में जाने वाले सभी रास्तों पर वाहनों को चेकिंग के बाद ही आगे जाने की अनुमति दी जाएगी।

इन जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

केजरीवाल की पेशी के मद्देनजर होने वाले आम आदमी पार्टी के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राऊज एवेन्यू कोर्ट, बीजीपी मुख्यालय, एलजी हाउस, पीएम हाउस, एचएम हाउस और बीजेपी अध्यक्ष के घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी है।

बता दें, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद भी AAP ने कई इलाकों में प्रोटेस्ट किया था। प्रोटेस्ट की वजह से भाजपा मुख्यालय और ITO के आस-पास सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। दिल्ली शराब नीति घोटाला से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी लगातार एक्शन में है। ईडी की टीम ने बुधवार को AAP नेता दीपक सिंगला के घर पर छापेमारी की थी।