आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार कैबिनेट में मंगलवार को बड़ा बदलाव किया है। सौरभ भारद्वाज के पास मौजूद सेवा और सतर्कता विभाग अब आतिशी मार्लेना को सौंप दिए गए हैं। दिल्ली सेवा बिल के राज्यसभा से पास होने के एक दिन बाद ही अरविंद केजरीवाल सरकार ने यह कदम उठाया है। इससे पहले आतिशी के पास शिक्षा और ऊर्जा समेत 12 विभागों की जिम्मेदारी है। 

दिल्ली विधानसभा में कुल 70 विधायक हैं। ऐसे में वहां कुल विधायकों के केवल 10 फीसदी को ही मंत्री बनाया जा सकता है। अभी मुख्यमंत्री केजरीवाल समेत कुल सात मंत्री हैं। इनमें कैलाश गहलोत, गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, आतिशी मार्लेना, इमरान हुसैन और राज कुमार आनंद शामिल हैं।

अभी दिल्ली सरकार में आतिशी के पास महिला विकास, शिक्षा, पर्यटन, लोक निर्माण विभाग जैसे अहम मंत्रालय हैं। वहीं राज कुमार आनंद के पास इस समय समाज कल्याण, श्रम और रोजगार समेत कई मंत्रालय हैं। सौरभ भारद्वाज के पास पहले स्वास्थ्य, पानी, शहरी विकास, सेवाएं, इंडस्ट्री समेत कई अहम मंत्रालय थे।

सबसे ज़्यादा विभाग वाली मंत्री

यह कदम राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक, 2023 को राज्यसभा द्वारा मंजूरी दिए जाने के एक दिन बाद आया है। सरकारी सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कैबिनेट फेरबदल का प्रस्ताव करते हुए एक फाइल भेजी थी, जिसके तहत महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विभाग रखने वाले भारद्वाज को सेवा विभाग के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

13वां विभाग सौंपे जाने के साथ, केजरीवाल के फैसले ने आतिशी को सबसे अधिक सरकारी विभागों वाली कैबिनेट मंत्री बना दिया है। आतिशी के पास वर्तमान में शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, वित्त, राजस्व, पर्यटन और महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभाग हैं। स्वास्थ्य के अलावा, भारद्वाज के पास दिल्ली सरकार के अन्य विभागों में पानी, शहरी विकास और उद्योग का प्रभार है।