छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद अब दो डिप्टी सीएम के नाम भी सामने आ गए हैं। अरुण साव और विजय शर्मा को डिप्टी सीएम बनाया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को विधानसभा स्पीकर की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ऐलान होने के बाद राज्यपाल से मिलने पहुंचे। तस्वीरों में उनके साथ अरुण साव को भी देखा जा सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने विधायक दल की बैठक के दौरान विष्णुदेव साय के नाम की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ की कुनकुरी विधानसभा से आते हैं। राज्य में आदिवासी समुराय की आबादी सबसे अधिक है और साय इसी समुदाय हैं। विष्णुदेव साय 2020 में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। सांसद और केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं।
लोरमी सीट से फहराया था जीत का परचम : अरुण साव
बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव छत्तीसगढ़ की लोरमी सीट से मैदान में थे। यहां उनके सामने कांग्रेस के थानेश्वर साहू थे। उन्होंने कांग्रेस को जोरदार टक्कर दी और उन्हें 75070 वोट मिले। वहीं, कांग्रेस को 29179 वोट मिले। बता दें कि अरुण साव बिलासपुर सांसद और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद साव छत्तीसगढ़ की राजनीति में मुख्य चेहरे के रूप में बन गए। वह संसद में बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।
2019 के लोकसभा चुनाव में साव ने कांग्रेस उम्मीदवार अटल श्रीवास्तव को 1,41,763 वोटों से हराया था। बीजेपी के वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने मीडिया से कहा, ”हमने राज्यपाल को एक पत्र सौंपा है जिसमें कहा गया है कि विष्णुदेव साय को विधायक दल का नेता चुना गया है।” हालांकि शपथ ग्रहण समारोह की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है।