जम्मू और कश्मीर के मसले पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने चुप्पी तोड़ी है। मंगलवार (13 अगस्त, 2019) को उन्होंने घाटी में अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को खत्म करने के तरीके पर सवालिया निशान लगाए। उन्होंने कहा कि जम्मू और कश्मीर में जो भी किया गया, वह सरासर असंवैधानिक है। मोदी सरकार ने वहां पर नियम-कानून का पालन नहीं किया है।

यूपी के सोनभद्र स्थित उम्भा गांव के दौरे पर प्रियंका ने पत्रकारों से कहा, “जो कुछ भी हुआ, वह पूरी तरह से असंवैधानिक है और लोकतंत्र के सिद्धातों के खिलाफ है। जब भी इस तरह की चीजें की जाती हैं, तब कुछ नियम-कायदों का पालन किया जाता है, जिनका इस मामले में पालन नहीं किया गया।”

प्रियंका के मुताबिक, कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती आई है। पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि हमारे यहां (पार्टी में) सिर्फ एक ही व्यक्ति की आवाज नहीं सुनी जाती है, जैसा कि बीजेपी में होता है। कांग्रेस में सभी की आवाज सुनी जाती है, उस पर चर्चा होती है, तब कोई राय कायम होती है।

यह पूछे जाने पर कि इस मुददे पर पार्टी में अलग अलग राय रही है? प्रियंका ने कहा, ”कांग्रेस की कोई अलग राय नहीं आई। कांग्रेस पार्टी की सीडब्ल्यूसी (कांग्रेस कार्य समिति) जब हुई थी, उसमें स्पष्ट राय है। जो हुआ है, उससे संविधान को नकारा गया है और कांग्रेस पार्टी ने हमेशा संविधान के लिए, लोकतंत्र के लिए लडाई लड़ी है। हम उस लडाई को लड़ते रहेंगे।”

इससे पहले, काशी पहुंचने पर उन्होंने ट्वीट किया, ”आज मैं सोनभद्र जा रही हूं। वहां मैं उम्भा गांव के अपने भाइयों, बहनों और बच्चों से मिलूंगी। उनका हाल-चाल जानूंगी।” प्रियंका ने आगे कहा कि उम्भा में नरसंहार पीडित परिवारों से चुनार के किले में मुलाकात के दौरान उन्होंने वादा किया था कि वह फिर मिलने आएंगी। यूपी कांग्रेस ने भी प्रियंका का फोटो ट्वीट किया है, जिसमें वह सोनभद्र के दौरे पर नजर आ रही थीं। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)