तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन जारी है। कई दिनों से चल रहे किसान आंदोलन के बीच कई बार ऐसी भी खबरें आईं कि इस आंदोलन के दौरान राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किये गये शरजील इमाम, उमर खालिद समेत कई आरोपियों के पोस्टर और उनकी रिहाई की मांग वाली तस्वीरें वायरल हुईं। यह भी कहा गया है कि किसानों के आंदोलन में ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ अपने लिए अस्तित्व तलाश रहा है।
इसी विषय पर ‘Republic Tv’ पर आयोजित डिबेट शो के शुरुआत में एंकर अर्णब गोस्वामी ने कहा कि ‘इन लोगों ने किसान आंदोलन को हाइजैक कर पूरी राजधानी को बंधक बनाने की कोशिश की। मैं कहता हूं कि अब बहुत हो गया। आप भी हाथ जोड़ कर इन देश विरोधियों को कहिये कि बहुत हो गया। अब हमें प्रण लेना होगा कि हम इस अराजकता गैंग को जीतने नहीं देंगे।
अब तक रिपब्लिक भारत अकेले इन लोगों से लड़ रहा है। नए साल पर मैं इसलिए मैं आपसे कह रहा हूं क्योंकि मैं आप लोगों के साथ मिलकर लड़ना चाहता हूं…आप हमारे साथ इस लड़ाई में जुड़ जाइए। हर हाल में आपको औऱ हमे मिलकर इन लोगों को हराना है और 2021 को इनके चंगुल से बचाना है।’
शो के दौरान अर्णब गोस्वामी ने कहा कि ‘आखिर यह देश इस टुकड़े-टुकड़े गैंग की साजिश को कब तक सहेगा? अराजक गैंग को हम इस देश में क्यों पलने दें…जो लोग देश के खिलाफ सोचते हैं वो देश का भला कैसे सोच सकते हैं?
क्या अब वक्त नहीं आ गया कि इस अराजक गैंग को हराने के लिए हम प्रण लें? देखिए ‘पूछता है भारत’ अर्नब के साथ रिपब्लिक भारत पर #LIVE :https://t.co/G945HvRmSx pic.twitter.com/C6IhTLejQG
— रिपब्लिक.भारत (@Republic_Bharat) January 1, 2021
इधर इससे पहले दिल्ली के विभिन्न बॉर्डरों पर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने शुक्रवार को कहा कि मोदी सरकार किसानों को शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों की तरह समझती है जिन्हें वे हटाने में सफल रही थी। पर ऐसा होने वाला नहीं है। भारतीय किसान यूनियन के युद्धवीर सिंह ने कहा, ”ऐसा लगता है जैसे सरकार किसानों को हल्के में ले रही है।
सरकार शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों को हटाने में सफल रही थी, हमारे साथ भी सरकार ऐसा करना चाह रही है। पर ऐसा दिन कभी आने वाला नहीं है। अगर सरकार ने 4 जनवरी को कोई फैसला नहीं लिया तो फिर किसानों को ही फैसला करना होगा।”

