महिंद्रा एण्ड महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा अपने वादों को पूरा करने के लिए जाने जाते हैं। सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाले आनंद महिंद्रा ने एक बार फिर से इसे सिद्ध कर दिया है।
कबाड़ से आयरन मैन का सूट बनाने वाले युवक से आनंद महिंद्रा ने वादा किया था कि वो उसकी पढ़ाई में मदद करेंगे। अपना वादा पूरा करते हुए आनंद ने युवक का दाखिला महिंद्रा यूनिवर्सिटी में करवा दिया है। उन्होंने खुद इसके बारे में ट्वीट कर जानकारी दी है। उन्होंने कहा- इम्फाल के हमारे युवा भारतीय आयरन मैन प्रेम याद हैं? हमने उन्हें इंजीनियरिंग की शिक्षा दिलाने में मदद करने का वादा किया था और मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि वो हैदराबाद के महिंद्रा यूनिवर्सिटी पहुंच गए हैं। उनकी इतनी अच्छी देखभाल करने के लिए इंडिगो का शुक्रिया..”।
दरअसल प्रेम इंडिगो की फ्लाइट से हैदराबाद पहुंचे थे। इसलिए आनंद महिंद्रा ने उसका भी शुक्रिया अदा किया। आनंद महिंद्रा ने सबसे पहले सितंबर में प्रेम की कहानी शेयर की थी। बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण के प्रेम, स्क्रैप मैटेरियल का उपयोग करके आयरन मैन का सूट बनाने में कामयाब रहे थे। उनके इस कार्य से महिंद्रा समेत कई अन्य लोग प्रभावित हुए थे। महिंद्रा ने तब एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें एक बच्ची को सूट पहने हुए दिखाया गया था, जो मार्वल फिल्मों में टोनी स्टार्क द्वारा पहने गए सूट के जैसा ही था।
तब आनंद महिंद्रा ने लिखा था- “मैं अचंभित हूं और प्रेम की महत्वाकांक्षा और कौशल से प्रभावित हूं”। तब महिंद्रा ने प्रेम और उनकी बहन को पढ़ाई में मदद करने का आश्वासन दिया था। जिसके कुछ दिनों बाद उनकी टीम प्रेम से संपर्क करने में कामयाब रही। जिसके बाद प्रेम को हैदराबाद में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए महिंद्रा यूनिवर्सिटी में दाखिला करा दिया।
प्रेम के वीडियो को सबसे पहले अभिनेता जावेद जाफरी ने आनंद महिंद्रा को फॉरवर्ड किया था। जिसके बाद महिंद्रा के ट्वीट ने प्रेम की ओर काफी लोगों का ध्यान आकर्षित किया था। उस समय कांग्रेस नेता जयराम रमेश भी प्रेम से मिलने गए थे और उन्हें पूरा सपोर्ट देने का वादा किया था।