Maharashtra Vidhan Sabha Chunav: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने में एक महीने का समय बचा है। इसी बीच, शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत ने गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी वोटर लिस्ट में घोटाला करने की कोशिश कर रही है। ये लोग लोकतंत्र को खत्म करने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही कहा कि अमित शाह महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाने की साजिश रच रहे हैं।

शिवसेना ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने रविवार को मीडिया से बात की। इसमें उन्होंने कहा कि वोटर्स लिस्ट में गड़बड़ियां हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी और उनके जो चेले चपाटी हैं, वो चुनाव हारने जा रहे हैं। वो किसी भी हालत में जीत नहीं पाएंगे। हमने उन्हें लोकसभा में हराया और वे विधानसभा चुनाव में भी हार रहे हैं।

ये लोग अब वोटर लिस्ट में गड़बड़ और घोटाले कर रहे हैं। चुनाव आयोग उनकी मदद कर रहा है। बीजेपी लगभग 150 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है और वे उन लोगों को ढूंढ रहे हैं जिन्होंने एमवीए को वोट दिया है और उनके नाम फर्जी मतदाताओं के साथ बदल रहे हैं। 10 हजार वोटर्स को यह लोग निकाल देंगे और उनकी जगह पर दूसरे फर्जी वोटरों का नाम जोड़ देंगे।

महाराष्ट्र में कांग्रेस का गेम प्लान: हरियाणा में हुई गलतियों से बचने के लिए पार्टी किस योजना पर कर रही काम? समझिए पूरा एनालिसिस

संजय राउत ने कहा कि इस सब की वजह से हमारी जितने की संभावनाएं कम हो जाएंगी। ये सबसे बड़ा घोटाला हमारे लोकतंत्र में चुनाव आयोग की वजह से होने जा रहा है। हम ये मुद्दा सिर्फ देश में ही नहीं इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म पर भी लेकर जाएंगे। चुनाव आयोग गृह मंत्रालय के अधीन आता है इसके लिए जिम्मेदार अमित शाह हैं। आपको हमारे सामने चुनाव लड़ना है तो मर्द की तरह लड़िए। महाराष्ट्र में बीजेपी के चार बड़े नेता वोटर लिस्ट घोटाले के मास्टरमाइंड हैं। उनमें से एक को अभी राज्यपाल ने विधायक नियुक्त किया है।

राष्ट्रपति शासन को लेकर क्या बोले राउत

राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर तक का है। ऐसे में 23 नवंबर को परिणाम घोषित होंगे। नतीजे आने के बाद में सरकार बनाने के लिए कम टाइम बचता है। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने और वोटों की गिनती के लिए केवल दो ही दिन का समय दिया गया है। लोग दो दिन में मुंबई पहुंचते हैं। गठबंधन एक साथ आएगा फिर राज्यपाल के पास जाएगा। दो दिन में यह सब कैसे हो पाएगा। जानबूझकर दो ही दिन का समय दिया गया है ताकि राष्ट्रपति शासन लगाया जाए।