गृह मंत्री अमित शाह ने आज तमिलनाडु में रोड शो किया। इस मौके पर शाह ने कहा, ‘एक ओर मोदी जी के नेतृत्व में NDA है और दूसरी ओर राहुल बाबा के नेतृत्व में UPA है। मोदी जी एक चाय बेचने वाले से लेकर देश के PM बनने वाले गरीबों के मसीहा के रूप में देश का नेतृत्व कर रहें और पलानीस्वामी सामान्य कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते-करते CM बने हैं। वहीं, दूसरी ओर DMK और कांग्रेस है.. कांग्रेस का चौथा जेनरेशन (4G) चल रहा है-जवाहरलाल नेहरू,इंदिरा गांधी,राजीव गांधी, राहुल गांधी। DMK तीसरा जेनरेशन (3G) है-करुणानिधि,स्टालिन और अब उदयनिधि को मुख्य​मंत्री बनाने के चक्कर में स्टालिन जी तमिलनाडु का भविष्य दांव पर लगाए हुए हैं।’

गृह मंत्री शाह ने कहा, ‘मोदी जी को तमिलनाडु के किसान, बेरोज़गार युवा और मछुआरे की चिंता है और स्टालिन जी को उदयनिधि को मुख्य​मंत्री बनाने की चिंता है।’ शाह ने कहा कि तमिलनाडु का विकास तभी हो सकता है, जब हम भ्रष्टाचारी और परिवारवादी, DMK और कांग्रेस को हराएं। मोदी जी के नेतृत्व में पूरे देश में जो विकास यात्रा चली है, वो विकास यात्रा ही महान MGR और जयललिता के सपनों का तमिलनाडु बना सकती है।

वहीं, आज BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने तमिलनाडु के इरोड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 13वें वित्त आयोग में तमिलनाडु को केवल 94,000 करोड़ रुपये मिले लेकिन जब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 14वां वित्त आयोग आया तो तमिलनाडु को 5,42000 करोड़ रुपये दिए गए। यह 4.5 गुना था। राज्य को देश मे सबसे ज्यादा 11 मेडिकल कॉलेज दिए गए।

नड्डा ने कहा कि तमिल सबसे पुरानी भाषाओं में से एक है। यहां की संस्कृति बहुत समृद्ध है। पीएम ने तमिल को अतर्राष्ट्रीय स्तर पर गर्व की भाषा बनाया। हमारे विरोधी तमिलनाडु को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

नड्डा ने कहा, ‘DMK और कांग्रेस लोकतंत्र में भरोसा नहीं करते हैं। वे वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति में भरोसा करते हैं। वे भ्रष्टाचार में भरोसा करते हैं। DMK और कांग्रेस 2-जी, 3-जी, 4-जी और जीजा जी के लिए जाने जाते हैं।’

उन्होंने कहा कि 2-जी का मतलब मारन परिवार की दो पीढ़ी का भ्रष्टाचार, 3-जी का मतलब स्टालिन परिवार का तीन पीढ़ी का भ्रष्टाचार, 4-जी का मतलब कांग्रेस-गांधी परिवार का 4 पीढ़ी का भ्रष्टाचार है।

नड्डा ने कहा कि तमिलनाडु में हम AIADMK के साथ सरकार बनाएंगे, पुडुचेरी में हम एनडीए की सरकार बना रहे हैं और केरल में भी हम एक शक्ति के रूप में उभरने वाले हैं।