देश में कोरोना का प्रकोप थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। रोजाना यहां हजारों की संख्या में लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। विश्व में सबसे ज्यादा संक्रमितों के मामले में भारत अमेरिका और ब्राज़ील के बाद तीसरे नंबर पर है। इसे देखते हुए पंजाब, उत्तर प्रदेश, असम समेत एक दर्जन राज्यों ने वीकेंड लॉकडाउन लागू किया है। इस दौरान सभी दुकानें, दफ्तर बंद रहेंगे।
पंजाब सरकार ने पहले ही डे-नाइट कर्फ्यू का आदेश दिये हैं। रात में कर्फ्यू रहेगा जो शाम 7 बजे से सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा। साथ ही हफ्ते के आखिर में लॉकडाउन किया जाएगा। प्रत्येक निजी चार पहिया वाहन में तीन से अधिक यात्रियों की अनुमति नहीं है। पंजाब के 80% मामले लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, पटियाला और मोहाली में हैं। पंजाब की तरह हरियाणा ने भी वीकेंड लॉकडाउन लागू किया है। चंडीगढ़ प्रशासन ने शुक्रवार को घोषणा की कि बढ़ते कोविद -19 मामलों के मद्देनजर आवश्यक दुकानों को छोड़कर सभी दुकानें और प्रतिष्ठान शनिवार और रविवार को बंद रहेंगे।
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। इसके अलावा कन्टेनमेंट जोन 31 अगस्त तक पूरी तरह से बंद करेंगे। यहां सिर्फ आवश्यक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। अंडमान और निकोबार प्रशासन ने कोविद -19 के प्रसार को रोकने के लिए वीकेंड पर पूर्ण लॉकडाउन की भी घोषणा की है।
वहीं तमिलनाडु राज्य सरकार ने गुरुवार को घोषणा की कि कोविद -19 के प्रसार को रोकने के प्रयासों के तहत राज्य में 31 अगस्त तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। तमिलनाडु सरकार द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, सभी रविवार 2 अगस्त, 9, 16, 23 और 30 अगस्त को पूर्ण लॉकडाउन होगा। इसके अलावा असम, महाराष्ट्र, जम्मू कश्मीर में भी वीकेंड पर पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की गई है।