Agnipath Yojna: अग्निपथ योजना के तहत 100 पदों के लिए लगभग ढाई लाख महिलाओं ने आवेदन किया है। इसके तहत सेना की कोर ऑफ मिलिट्री पुलिस (CMP) में निकली 100 भर्तियों के लिए करीब 2.5 लाख महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन किया है। इनकी भर्ती के लिए 11 रैलियां होंगी, जिनकी शुरुआती अक्टूबर से हो जाएगी।
सेना के पास उपलब्ध आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सेना में भर्ती के लिए नई शुरू की गई अग्निपथ योजना के तहत सेना की कोर ऑफ मिलिट्री पुलिस (सीएमपी) में सिर्फ 100 रिक्तियों के लिए 2.5 लाख महिलाओं ने पंजीकरण कराया है।
भर्तियों की प्रतिक्रिया उत्साहजनक: वर्तमान में, सीएमपी ही एकमात्र ऐसी शाखा है जो अधिकारियों के पद से नीचे रैंक पर महिलाओं की सेना में भर्ती करती है। इन महिला सैन्य पुलिस कर्मियों को भीड़ नियंत्रण और जांच सहित आतंकवाद विरोधी, औपचारिक और पुलिस कर्तव्यों में नियोजित किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि अग्निपथ योजना के तहत भर्तियों की प्रतिक्रिया अब तक उत्साहजनक रही है, अधिकारियों का कहना है कि यह पिछली भर्ती प्रक्रियाओं से अलग नहीं है और पहले की तरह ही मानकों को बनाए रखा गया है।
कोरोना के कारण नहीं हो पाई दूसरे बैच की भर्ती: 2020 में कोर ऑफ मिलिट्री पुलिस के पहले बैच की भर्ती के बाद कोविड महामारी के कारण इसके दूसरे बैच की भर्ती स्थगित हो गई थी। जिसके बाद अब इस प्रक्रिया को दोबारा शुरू किया गया है। इसके तहत 2.5 लाख में से 100 महिलाओं की भर्ती होगी और मार्च 2023 से उनकी ट्रेनिंग शुरू होगी।
नौसेना में 82 हजार महिलाओं ने किया रजिस्ट्रेशन: भारतीय नौसेना ने जून 2022 में ऐलान किया था कि वह भी अग्निपथ योजना के तहत हर ब्रांच में महिला नाविकों को भर्ती करेगी। अग्निवीर योजना के लिए नौसेना में करीब 10 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, जिनमें से 82,000 महिलाएं हैं। महिलाओं की भर्ती का ऐलान करते हुए नौसेना ने कहा था कि वर्तमान में 30 महिला अधिकारी युद्धपोतों पर तैनात हैं। अब महिला नाविकों की भी भर्ती करने का समय आ गया है। जून 2022 तक भारतीय सशस्त्र बलों में लगभग 70,000 अधिकारियों में महिलाओं की संख्या सिर्फ 3,904 (सेना 1,705, भारतीय वायुसेना 1,640 और नौसेना 559) थी।