यमुना एक्सप्रेस वे पर रोज के कई हादसे होते रहते हैं। तेज रफ्तार ने कई लोगों को मौत के घाट उतारा है। अब इस लिस्ट में 25 साल के यूट्यूबर का नाम भी जुड़ गया है जिसे यमुना एक्सप्रेस वे पर 300 की रफ्तार पर बाइक भगानी थी। वो बकायदा इसका एक वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर डालने वाला था। लेकिन बाइक चलाते समय यूट्यूबर ने कंट्रोल खो दिया और बाइक डिवाइडर से जा टकराई, टक्कर इतनी जोरदार रही कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
तेज रफ्तार ने ली यूट्यूबर की जान
बताया जा रहा है कि जान गंवाने वाले यूट्यूबर का नाम अगस्त्य चौहान है जिसके यूट्यूब पर लाखों फॉलोअर्स थे। वो अपनी वीडियो की वजह से हमेशा चर्चा में बने रहता था, इससे पहले भी तेज रफ्तार में बाइक चला उसने अपने कई वीडियो बनाए थे। लेकिन इस बार 300 की रफ्तार पकड़ने की चाह ने उसे मौत के घाट उतार दिया है। जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक बुधवार को अगस्तय आगरा से दिल्ली के लिए निकला था। वो 16 लाख की Kawasaki Ninja ZX10R बाइक पर सवार था, ये बाइक 300 प्रतिघंटे की रफ्तार पकड़ सकती थी। लेकिन अलीगढ़ के पास उसने संतुलन खो दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसने जो हेलमेट पहन रखा था, उसके भी कई टुकड़े हो गए।
आखिरी वीडियो में क्या कहा था?
अगस्तय का एक आखिरी वीडियो भी सामने आया है जिसमें उसने अपने फैन्स को बताया था कि वो आगरा से दिल्ली के लिए निकल रहा है और कोशिश करेगा कि उसकी बाइक 300 की रफ्तार पकड़ ले। उसे ये भरोसा इसलिए था क्योंकि जिस बाइक पर वो सवार था, वो 0 से 100 प्रतिघंटे की रफ्तार मात्र 3 सेकेंड में पकड़ लेती है। उसी कोशिश में वो बुधवार को यमुना एक्सप्रेस वे पर निकला था, लेकिन हादसे का शिकार हो गया।
चिंता की बात ये है कि ऐसा पहली बार नहीं है जब तेज रफ्तार की वजह से यमुना एक्सप्रेस वे पर किसी की जान गई हो. हर साल कई युवाओं पर तेज रफ्तार वाला शौक भारी पड़ रहा है। कई तरह के नियम बनाए गए हैं, रफ्तार देखने के लिए सीसीटीवी भी लगे हुए हैं, लेकिन जमीन पर उनका प्रभाव ज्यादा देखने को नहीं मिल रहा।