नेपाल के बाद अब पाकिस्तान भी विवादित क्षेत्रों को लेकर नया नक्शा जारी किया है और भारत के कई क्षेत्रों को अपना बताया है। मंगलवार को एक बैठक में इमरान खान ने पाकिस्तान का नया राजनीतिक नक्शा पास किया। इस नक्शे में भारत के अभिन्न अंग जम्मू कश्मीर को अपना हिस्सा बताया गया है। इसमें जूनागढ़ को भी पाकिस्तान ने अपना हिस्सा बताया है।

नया नक्शा जारी करने के दौरान इमरान खान ने कहा कि ये पाकिस्तान के लिए ऐतिहासिक दिन है। इस दौरान उन्होंने कश्मीर में जनमत संग्रह की मांग दोबारा दोहराई। पीएम इमरान ने कहा कि कश्मीर मसले का यही हल है जो यूएन ने तय किया है।

(पाकिस्तान की तरफ से जारी किया गया नया राजनीतिक नक्शा- फोटो-जियो न्यूज)

बता दें कि इससे पहले नेपाल भी ऐसा कायराना हरकत कर चुका है। नेपाल ने 20 मई को कैबिनेट में नए नक्शे को पेश किया था। जिसे नेपाली संसद की प्रतिनिधि सभा ने 13 जून को अपनी मंजूरी दे दी थी। इसमें भारत के कालापानी, लिपु लेख और लिंपियाधुरा को नेपाल का हिस्सा दिखाया गया है। वहीं भारत ने इसका विरोध करने के लिए नेपाल को एक डिप्लोमेटिक नोट भी सौंपा था।

पाकिस्तान की इस हरकत पर भारत ने भी जवाब दिया है। भारत ने इसे राजनीतिक मूर्खता की कोशिश करा दिया है। भारत की तरफ से कहा गया कि हमने पाकिस्तान का एक तथाकथित “राजनीतिक नक्शा” देखा है जिसे पीएम इमरान खान ने जारी किया है। यह राजनीतिक मूर्खता की कवायद है, भारतीय राज्य गुजरात और जम्मू कश्मीर और लद्दाख के हमारे केंद्र शासित प्रदेशों में क्षेत्रीय दावा करना बेवकूफी है। इन हास्यास्पद दावों की न तो कानूनी वैधता है और न ही अंतर्राष्ट्रीय विश्वसनीयता। वास्तव में, यह नया प्रयास केवल सीमा पार आतंकवाद द्वारा समर्थित क्षेत्रीय आंदोलन के साथ पाकिस्तान के मंसूबों की पुष्टि करता है।