लोकसभा चुनाव के परिणामों में दिल्ली सभी लोकसभा सीटों पर इस बार भी बीजेपी ने जीत दर्ज की है। यह आम आदमी पार्टी और खासतौर पर प्रदेश के सीएम अरविंद केजरीवाल के लिए बड़ा झटका है। दिल्ली शराब नीति मामले में जेल में बंद अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी को ऐसे परिणाम की उम्मीद नहीं थी। अब आम आदमी पार्टी के भीतर हलचल दिखाई देने लगी है और सीएम की गैर मौजूदगी में सरकार के सभी मंत्रियों और विधायकों को सीएम के घर बुलाया गया है। आज शाम 5 बजे यह बैठक होने वाली है।

AAP में क्या हलचल है?

लोकसभा चुनावों के परिणाम के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं की यह पहली बैठक है, मुख्यमंत्री आवास पर 5 बजे पार्टी के तमाम विधायक और मंत्री बैठने वाले हैं। मीटिंग क्यों बुलाई गई है इस बारे में आधिकारिक तौर पर जानकारी नहीं दी गई है। इस बैठक में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी मौजूद रहेंगी।

माना जा रहा है कि सुनीता केजरीवाल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ जेल में मुलाकात के बाद यह मीटिंग बुलाई है। वह यहां सीएम के दिशा निर्देशों को मंत्रियों और इधायकों के सामने रख सकती हैं।

लोकसभा चुनाव में आप का खराब प्रदर्शन

लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन उम्मीद से भी खराब रहा है। दिल्ली की 4 लोकसभा सीटों पर पार्टी को हार मिली और उनके सहयोगी दल कांग्रेस को भी 3 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है।

पंजाब में सरकार होते हुए भी पार्टी को 13 में से सिर्फ 3 सीटें मिल सकी हैं, यहां आप को उम्मीद थी कि वह बिना कांग्रेस के साथ गठबंधन किए यहां अच्छा चुनाव लड़ सकते हैं। आज होने वाली मीटिंग में आम आदमी पार्टी चुनाव की समीक्षा भी कर सकती है।