BJP vs AAP: राष्ट्रीय पार्टी के रूप में मान्यता मिलने के बाद अब आम आदमी पार्टी ने विस्तार की योजना पर तेजी से काम करना शुरू कर दिया है। अब आम आदमी पार्टी का अगला टारगेट दक्षिण भारत का राज्य कर्नाटक है। पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को कर्नाटक में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान उनके साथी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान उनके साथ रहेंगे।

कर्नाटक में मई महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं। कर्नाटक विधानसभा चुनाव (Karnataka Assembly Elections) से पहले अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के लिए अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और भगवंत मान दावणगेरे शहर (Davangere) में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

आम आदमी पार्टी के अनुसार, पार्टी के ये दोनों टॉप नेता जनसभा के दौरान कर्नाटक की राजनीति में ईमानदारी और सत्यनिष्ठा (honesty and integrity) लाने के लिए सभी 224 निर्वाचन क्षेत्रों (constituencies) से पार्टी के राज्य पदाधिकारियों, ब्लॉक और सर्कल समिति के सदस्यों को शपथ दिलाएंगे।

कर्नाटक में आम आदमी पार्टी के संयोजक पृथ्वी रेड्डी ने बताया कि जनसभा के दौरान राज्य के लोगों के लिए प्रमुख “योजनाओं और गारंटी” की घोषणा की जाएगी। उन्होंने बताया कि कर्नाटक में आम आदमी पार्टी का यह पहला ऐसा कार्यक्रम होगा जिसमें अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान (Bhagwant Mann) और AAP के अन्य बड़े नेता शिरकत करेंगे।

2018 में बीजेपी बनी थी सबसे बड़ी पार्टी

साल 2018 में कर्नाटक में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) को राज्य में 104 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल हुई थी। बीजेपी के बाद कांग्रेस पार्टी (Congress Party) को 80 विधानसभा सीटों पर सफलता मिली थी। कांग्रेस और बीजेपी में भले ही 24 सीटों का अंतर रहा हो लेकिन कांग्रेस पार्टी को भाजपा से करीब 3 फीसदी वोट ज्यादा मिले थे। तीसरे नंबर पर एचडी कुमारस्वामी (HD Kumaraswamy) की पार्टी जेडीएस (JDS) रही थी। जेडीएस को 37 विधानसभा सीटों पर जीत मिली थी। उसका वोट 18.3 फीसदी रहा। इसके अलावा अन्य दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को 3 सीटें हासिल हुई थीं।