Delhi AAP Sanjay Singh: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार(15 सितंबर) को भाजपा पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा, “भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा विधायक किडनैपिंग गैंग है। वो विधायकों की खरीद का धंधा करती है। भाजपा विधायकों को खरीद कर देशभर में सरकारों को गिराने का काम करती है।”
संजय सिंह ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा, “भारतीय जनता पार्टी खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करती है, लेकिन वो दुनिया का सबसे बड़ा विधायकों को किडनैप करने वाला किडनैपिंग गैंग है। उसका पूरा फोकस-ऑपरेशन लोटस है। उसका ऑपरेशन लोकतंत्र की हत्या, संविधान की हत्या करने का है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा अपने चुनाव चिन्ह के नाम पर विधायकों की खरीद का धंधा करती है। विधायकों की खरीद फरोख्त कर देशभर में सरकारों को गिराने का काम करती है। यह किसी एक राज्य में नहीं बल्कि मध्य प्रदेश, कर्नाटक, बंगाल में यह प्रयोग किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सीबीआई-ईडी का भय दिखाकर सरकारों को गिराने का काम करती है।
25 करोड़ का ऑफर:
संजय सिंह ने कहा कि भाजपा का जो प्रयोग दिल्ली में फेल हो गया, वो अब पंजाब में होने वाला है। आप विधायकों को तोड़ने का दिल्ली में जो बजट 800 करोड़ का था वो पंजाब में बढ़कर 1,375 करोड़ रुपये हो गया है। जिसमें 55 विधायकों को तोड़ने का टारगेट है। संजय सिंह ने कहा कि इसमें एक-एक विधायकों को 25 करोड़ देने का ऑफर है।
पंजाब के आप विधायकों को दिल्ली बुलाया गया:
संजय सिंह के इन आरोपों के साथ-साथ आम आदमी पार्टी ने पंजाब के अपने सभी विधायकों को दिल्ली बुलाया है। इन सभी विधायकों की दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से मुलाकात होगी। माना जा रहा है कि केजरीवाल विधायकों संग मुलाकात कर उनका मन टटोलने की कोशिश करेंगे।
“PM जी झूठा स्टिंग करने के लिए मुझसे माफ़ी मांग लें”:
वहीं दिल्ली आबकारी नीति को लेकर भाजपा द्वारा शेयर किए गए स्टिंग वीडियो पर पलटवार करते हुए गुरुवार को मनीष सिसोदिया ने एक ट्वीट में लिखा, “CBI ने मेरे घर रेड की, कुछ नहीं मिला। लाकर में कुछ नहीं मिला। CBI/ED ने जांच कर ली, कुछ नहीं मिला। अब भाजपा स्टिंग लेकर आयी है। CBI/ED ये स्टिंग भी जांच कर ले। आरोप सहीं हों तो मुझे सोमवार तक गिरफ़्तार कर लो। नहीं तो सोमवार को PM जी झूठा स्टिंग करने के लिए मुझसे माफ़ी मांग लें।”