आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर हमला बोला है। पार्टी के प्रवक्ता राघव चड्ढा ने कहा है कि कांग्रेस की भूमिका ‘मित्र विपक्ष’ से होते-होते ‘मृत विपक्ष’ में बदल गई है। उन्होने कहा कि अब जनता को आप में ही उम्मीद दिख रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब, उत्तराखंड, गोवा के विषय में सर्वे आप के पक्ष में आए हैं। हमें उम्मीद है कि वहां भी नतीजे अच्छे आएंगे।

आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता राघव चड्ढा ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए इसे ‘‘निष्प्रभावी, समझौता करने वाला और नाकाम विपक्षी दल’’ करार दिया। चड्ढा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘आप ने भाजपा को ‘करो या मरो’ की चुनौती दी, जिससे कारण भाजपा दोनों राज्यों में अपने मुख्यमंत्री को बदलने के लिए मजबूर हो गई। आप और अरविंद केजरीवाल की यही ताकत है। मैं कहना चाहता हूं कि ‘नेमप्लेट’ बदलने से उत्तराखंड और गुजरात के लोगों में आपके (भाजपा) प्रति जो गुस्सा और आक्रोश है, वह नहीं बदलेगा।’’

चड्ढ़ा ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस द्वारा ‘‘म्यूजिकल चेयर का सुविधाजनक खेल’’ खेला जा रहा है, जिसमें वे पांच-पांच साल तक शासन करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जब एक पार्टी सत्ता में होती है, तो दूसरी पार्टी बाहर से मदद करती है। इन दलों में एक सहमति है, जिसके परिणामस्वरूप उत्तराखंड और गुजरात दोनों में एक मजबूत विपक्ष और एक मजबूत सरकार नहीं है।’’

इस साल की शुरुआत में हुए सूरत नगर निगम चुनावों के बारे में बात करते हुए चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी, भाजपा को उसके गढ़ में चुनौती दे रही है। राजेंद्र नगर से विधायक ने कहा, ‘‘गुजरात भाजपा का गढ़ है, जिस राज्य से देश के दो सबसे ताकतवर नेता आते हैं, जिस राज्य में भाजपा 27 साल से राज कर रही है, उसे अब आम आदमी पार्टी से चुनौती मिल रही है।’’

वहीं वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी ‘‘असली बनाम फर्जी राष्ट्रवाद’’ के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश का आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। राज्यसभा सदस्य एवं आप के उत्तर प्रदेश प्रभारी सिंह ने रविवार को मीडिया से बातचीत में दावा किया कि उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी कांग्रेस के मुकाबले ज्यादा मजबूत है।