Arvind Kejriwal: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि आप पेमेंट अपनी पार्टी से लें लेकिन काम हमारा करें। दरअसल गुजरात विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी ने राज्य में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं दो दिन के दौरे पर अरविंद केजरीवाल गुजरात दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आप के पक्ष में काम करने की बात कही।

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता बीजेपी से अपना पेमेंट लेते रहें लेकिन वो काम हमारे लिए करें। उन्होंने कहा, “हमें भाजपा के बड़े-बड़े नेता नहीं, बल्कि हमें उनके पन्ना प्रमुख और कार्यकर्ता चाहिए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को लेकर कहा, आप सभी लोग बीजेपी के साथ ही रहो, भाजपा आपको पेमेंट करती है तो आप वो पेमेंट उनसे ले लो, लेकिन काम हमारे लिए करो।

केजरीवाल के इस अपील का क्या मतलब?

दरअसल किसी भी राज्य में भाजपा की प्रचंड जीत में पन्ना प्रमुख और कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका होती है। कई बार अमित शाह भी पन्ना प्रमुखों की रणनीति बनाते दिखाई देते हैं। इसमें बूथ स्तर पर मतदाताओं की सूची के हिसाब से भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाती है। ऐसे में पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूती मिलती रही है।

केजरीवाल ने छोटे स्तरों पर भाजपा के कार्यकर्ताओं को अपनी तरफ खींचने के लिए अपील की है कि वो पेमेंट तो भाजपा से लें लेकिन काम आप का करें। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं।

गुजरात के अपने दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन राजकोट में एक प्रेस कांफ्रेंस में अरविंद केजरीवाल ने सवाल किया कि मैं बीजेपी कार्यकर्ताओं से पूछना चाहता हूं कि इतने सालों तक पार्टी की सेवा करने के बदले भाजपा ने उन्हें क्या दिया?

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं एहसान फरामोश नहीं हूं। सत्ता में आने के बाद आप सभी की सभी मांगों को एक महीने के अंदर पूरा करूंगा। केजरीवाल ने कहा, हमने एक सर्वे कराया है। इसमें सूरत की 12 में से सात सीटें आम आदमी पार्टी जीतने वाली है।