कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन चाहते हैं। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार राहुल गांधी ने कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक के दौरान AAP के साथ गठबंधन की संभावना पर हरियाणा कांग्रेस नेताओं से राय मांगी है। हालांकि हरियाणा कांग्रेस के नेता लगातार अपने बयानों में आप के साथ गठबंधन की संभावना से इनकार करते रहे हैं।
पार्टी चुनाव अकेले ही लड़ेगी- कुमारी शैलजा
हालांकि कांग्रेस सांसद और हरियाणा की बड़ी नेता कुमारी शैलजा ने हाल ही में पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में AAP के साथ गठबंधन की संभावना से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि पार्टी राज्य में काफी मजबूत है और चुनाव अकेले ही लड़ेगी।
हरियाणा विधानसभा चुनाव में आईएनएलडी और बीएसपी के बीच गठबंधन हुआ है। वहीं जेजेपी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन हो गया है। आम आदमी पार्टी भी हरियाणा में मजबूती से चुनाव प्रचार कर रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने खुद मैदान संभाल रखा है। अब कांग्रेस को डर है कि कहीं भाजपा विरोधी वोट बंट न जाए।
योगी सरकार ने रोका 2.5 लाख कर्मचारियों का वेतन, इस वजह से लिया एक्शन
बीते लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच हरियाणा में गठबंधन हुआ था। गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी को कांग्रेस ने एक सीट दी थी। आम आदमी पार्टी ने कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि उसकी हार हुई थी।
हरियाणा में 5 अक्टूबर को मतदान
हरियाणा में 5 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के लिए सभी 90 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वहीं वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी। इसके पहले हरियाणा में 1 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होने थे। लेकिन बिश्नोई महासभा ने चुनाव आयोग से तारीख को बदलने की मांग की थी। बिश्नोई समाज के अनुसार गुरु जम्भेश्वर वार्षिक उत्सव है, ऐसे में वोटिंग परसेंटेज कम ना हो, इसलिए चुनाव की तारीख बदलने की मांग की थी।