2024 लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी और आम आदमी पार्टी पंजाब औऱ दिल्ली में गठबंधन कर बीजेपी का मुकाबला करेंगे? यह अभी भी एक बड़ा सवाल बना हुआ है। आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा तो है लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों दल 2024 में साथ चुनाव लड़ेंगे या नहीं। इस बीच पंजाब के सीएम भगवंत मान ने ऐसा बयान दिया है जो कांग्रेस को चुभ सकता है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को मीडिया द्वारा गठबंधन से संबंधित एक सवाल के जवाब में कहा कि यह प्रश्न ही काल्पनिक है। आम आदमी पार्टी ने अकेले चुनाव लड़ा औऱ 92 सीटों पर जीत दर्ज की। दिल्ली में हम तीसरी बार सरकार में हैं। आम आदमी पार्टी ने गुजरात में अकेले चुनाव लड़ा और 13 फीसदी वोट पाए। आम आदमी पार्टी भारत की सबसे युवा पार्टी है जो एक राष्ट्रीय दल बन गई है। उन्होंने कहा कि हम अकेले चुनाव लड़ना भी जानते हैं और जीतना भी जानते हैं। हम जानते हैं कि कैसे सरकारें बनाई जाती हैं और कैसे खुद सरकारें चलाई जाती हैं।
BJP पर भी साधा निशाना
इस दौरान बातों ही बातों में बीजेपी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब 2024 चुनाव आएगा तब न जाने देश में क्या स्थिति होगी। हम नहीं जानते कि उस समय देश का नाम क्या होगा। पहले वो रेलवे स्टेशनों और शहरों के नाम बदलते थे लेकिन अब वो देश का ही नाम बदल देना चाहते हैं।
अनमोल गगन मान ने कहा सभी 13 सीटों पर लडे़गी AAP
भगवंत मान ही नहीं उनकी सरकार में मंत्री अनमोल गगन मान ने भी बुधवार को कहा कि आम आदमी पार्टी राज्य में सभी 13 लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह सीएम भगवंत मान का निर्देश है। दूसरी तरफ पंजाब कांग्रेस के चीफ अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भी ऐसा ही बयान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारियां कर रही है।
राजा वड़िंग ने कहा कि स्टेट यूनिट को विश्वास है कि पार्टी लीडरशिप उन्हें विश्वास में लिए बिना कोई फैसला नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि स्टेट यूनि को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की तरफ से किसी भी सीट शेयरिंग के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस को सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयारी करने के लिए कहा गया है।