आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आप बेहद गुस्से में है। तेजस्वी यादव को भी उनकी अरेस्ट के पीछे की तुक समझ में नहीं आई। वहीं कांग्रेस ने कहा है कि दिल्ली शराब घोटाले में जिसने गोलमाल किया है उसको सजा मिलनी ही चाहिए।

आप के विधायक सोमनाथ भारती का कहना था कि देश में अघोषित इमरजेंसी का माहौल है। बीजेपी 2024 का चुनाव हार रही है इस वजह से इस तरह के कदम उठा रही है। उनका कहना था कि संजय सिंह को गिरफ्तार करने से पहले रेड की गई लेकिन उसमें कुछ भी नहीं मिला था।

तेजस्वी का कहना था कि कल न्यूजक्लिक पर छापे पड़ रहे थे, आज संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। रीजनल पार्टी जहां भी अच्छा काम कर रही हैं वहां पर सरकारी एजेंसियां ताबड़तोड़ एक्शन ले रही हैं। उनका कहना था कि कहने की जरूरत नहीं कि बीजेपी हम लोगों से डरी हुई है।

बीजेपी के सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी का कहना है कि कानून अपना काम करेगा। संजय सिंह की गिरफ्तारी पर वो बोले कि अगर किसी ने घोटाला किया है तो उसे सजा तो मिलेगी ही। इसमें इतना होहल्ला करने की क्या जरूरत है। एजेंसियां साक्ष्यों के आधार पर ही कोई एक्शन लेती हैं।

कांग्रेस के दिल्ली चीफ अरविंदर सिंह लवली ने कहा है कि शराब घोटाले में जिसने भी गलत काम किया है उसे सजा मिलनी चाहिए। कांग्रेस ऐसे घोटालेबाजों के साथ नहीं है। उनका ये भी कहना है कि अगर ईडी इस आधार पर गिरफ्तार करती है कि अमुक व्यक्ति पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा था तो ये सरासर गलत है। राजनीतिक उद्देश्यों को हासिल करने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग नहीं किया जा सकता।

संजय सिंह के पिता ने कहा कि उन्होंने अपने बेटे से कहा था कि चिंता करने की जरूरत नहीं है। उनका कहना था कि ईडी को संजय सिंह को गिरफ्तार करने के लिए कोई बेस नहीं मिला। लेकिन उनको ऊपर से आदेश था इस वजह से गिरफ्तार कर लिया गया। संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह का कहना है कि ईडी सुबह से घर में रेड कर रही थी। उनके हाथ तो कुछ नहीं लगा पर अफसरों पर उनके पति को अरेस्ट करने का दबाव था।