Aaj Ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को सुबह घना कोहरा दिखा। इस बीच मौसम विभाग ने मंगलवार को भी मध्यम से घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है। आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर घना कोहरा भी देखा जा सकता है। यह प्रदूषण के साथ मिलकर धुंध का रूप भी ले सकता है। दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ ही एनसीआर के हिस्सों में दिन में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं भी चलने की संभावना जताई है। मंगलवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद बुधवार को दिल्ली में सुबह के वक्त हल्का कोहरा नजर आने का अनुमान है। दिन में आसमान साफ रहेगा।

आने वाले दिनों में कितना रहेगा तापमान

आईएमडी ने दिल्ली में 17 दिसंबर यानी बुधवार को न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। इसके बाद तापमान में कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने 18, 19 और 20 दिसंबर को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किए जाने की संभावना जताई है। 18 दिसंबर को भी दिल्ली में सुबह के वक्त हल्का कोहरा छाने की संभावना है। हालांकि, दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली-एनसीआर में सांस लेना मुश्किल

बता दें कि सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 अधिक 10.0 डिग्री दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान भी सामान्य से 0.7 अधिक 23.7 डिग्री दर्ज हुआ। इस दौरान सिर्फ एक पालम मॉनिटरिंग सेंटर ऐसा रहा, जहां अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पालम में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 कम 20.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं आयानगर ऐसा मॉनिटरिंग सेंटर रहा जहां न्यूनतम तापमान में सर्वाधिक बढ़त देखने को मिली, यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 अधिक 10.4 डिग्री दर्ज किया गया।

मालूम हो कि सुबह नौ बजे के करीब आइएमडी ने दिल्ली के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया था। लेकिन धूप निकलने के साथ जैसे ही आसमान साफ हुआ तो उसे हटा दिया गया। जिसकी एक मुख्य वजह हवा की स्पीड बढ़ना भी रहा, सोमवार को दोपहर में उत्तर-पश्चिमी सतही हवाओं की रफ्तार 10-15 किलोमीटर प्रतिघंटा दर्ज की गई थी।