दिल्ली में आज सुबह आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और तापमान करीब 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि दिन में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है, खासकर सुबह से दोपहर के बीच। दोपहर के बाद भी हल्की फुहारों का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

मुंबई में भी सुबह से ही बारिश हो रही है। यहां 9 बजे से दोपहर तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। मध्य भारत के राज्यों- महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश – में मॉनसून ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। बीते दो-तीन दिनों में इन इलाकों में अच्छी बारिश हुई है, जिससे गर्मी और लू से काफी राहत मिली है।

कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में भी जमकर बारिश हुई है, जिससे तापमान गिरकर 27 से 28 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है। यहां अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है। दिल्ली-एनसीआर के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं अहमदाबाद और पुणे में भी आज बारिश होने की उम्मीद है। उत्तर भारत के शहरों – चंडीगढ़ और अमृतसर – में भी प्री-मॉनसून की पहली बारिश हो चुकी है। उम्मीद है कि 22 या 23 जून तक मॉनसून पूरी तरह से दिल्ली और उत्तर-पश्चिमी भारत में पहुंच जाएगा।

दक्षिण भारत के शहर चेन्नई और तमिलनाडु में इस महीने के अंत तक भारी बारिश के आसार नहीं हैं। हालांकि यहां तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जिससे 40 डिग्री वाली तेज गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल, दिल्ली और मुंबई में मॉनसून सक्रिय है और अच्छी बारिश हो रही है। देश के मध्य, पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भी बरसात ने गर्मी से राहत दी है, जबकि दक्षिण भारत में मौसम अभी शांत बना हुआ है।

Live Updates
16:31 (IST) 20 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: राजस्थान में लोगों को कब मिलेगी गर्मी से राहत?

राजस्थान के मौसम की बात करें तो IMD के मुताबिक इस बार मानसून अपने सामान्य समय से एक सप्ताह पहले ही दस्तक दे चुका है। अगले एक से दो दिन में राज्य के अधिकतर हिस्सों में इसके पहुंचने के आसार हैं। आज कोटा, उदयपुर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर समेत कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है और अधिकतम तापमान में गिरावट देखी जाएगी, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

16:29 (IST) 20 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: झारखंड के दस जिलों में बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने आज झारखंड के 10 जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों की बात करें तो इसमें रांची, खूंटी, रामगढ़, कोडरमा, हजारीबाग, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, लातेहार और लोहरदगा शामिल हैं।

14:46 (IST) 20 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: दिल्ली में कब आएगा मानसून?

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में दो से तीन दिन में मानसून की दस्तक होने की संभावना जताई जा रही है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 22 जून तक दिल्ली में मानसून की एंट्री होगी और झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो जाएगा।

13:44 (IST) 20 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: झारखंड में बारिश का कहर जारी

झारखंड में बारिश ने कहर मचा दिया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी है। रांची समेत 10 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी बारिश की आशंका है। खतरे को देखते हुए कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस वजह से राज्य में भारी बारिश हो रही है।

12:55 (IST) 20 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: बिहार में मौसम विभाग का अलर्ट

बिहार में मानसून पूरी तरह से एक्टिव है। मौसम विभाग ने आज दक्षिण बिहार में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, उत्तर बिहार में आंधी और बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश का अनुमान है। पूरे राज्य में बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक बिहार में मॉनसून की गतिविधियां बनी रहेंगी।

11:19 (IST) 20 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: UP के 33 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने यूपी के 33 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार शुक्रवार को बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, संतरविदास नगर और उसके आसपास के इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी है। वहीं, प्रतापगढ़, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी है।

09:16 (IST) 20 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: भोपाल समेत कई शहरों में आज बादल छाए रहेंगे

आज भोपाल समेत मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह बादल छाए रहेंगे, दोपहर और शाम में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होगी। मौसम हल्का ठंडा रहेगा। इस तरह का मौसम अगले कई दिनों तक रहने की संभावना है।

08:29 (IST) 20 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: पटना, गया, भागलपुर और दरभंगा सहित कई स्थानों पर बारिश का अनुमान

बिहार में आज बादल छाए रहेंगे और कई जिलों में दोपहर से शाम के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पटना, गया, भागलपुर और दरभंगा सहित कई जगहों पर गरज के साथ फुहारें पड़ने की संभावना है।

19:27 (IST) 19 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: बिहार के कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान

बिहार के मौसम की बात करें तो अब बिहार के लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली है। मानसून के दस्तक देते ही अधिकांश भागों में 19 से 23 जून के दौरान भारी बारिश होने की संभावना जताई गई थी और खूब बारिश हो भी रही है। 20 जून को भी भारी बारिश को लेकर आईएमडी ने अलर्ट जारी कर रखा है।

19:25 (IST) 19 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: 20 जून के मौसम को लेकर क्या है अपडेट?

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदलने वाला है और मौसम विभाग ने 24 जून तक बीच-बीच में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। बादलों की आवाजाही और सूरज के तेवर कम होने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। अगले 4 से 5 दिन तेज हवाओं के साथ बारिश से मौसम सुहावना रहने के संकेत हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं 20 जून के मौसम की बात करें तो बादलों की लुका छिपी का दौर जारी रह सकता है।

18:15 (IST) 19 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: गौतम बुद्धनगर को लेकर IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में मौसम का मिजाज बदल गया है और मौसम विभाग ने गौतमबुद्धनगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि तेज हवाओं के साथ बारिश होने से यहां लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि इस दौरान लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ेगा।

16:33 (IST) 19 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: दिल्ली के मौसम को लेकर क्या है अपडेट?

राजधानी दिल्ली के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 जून को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के मुताबिक, शाम के वक्त दिल्ली में हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश और आंधी और धूल भी चलने की संभावना है।

15:07 (IST) 19 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: दिल्ली में कब आएगा मानसून?

यूपी में मानसून की दस्तक के बाद अब दिल्ली के लोगों को इसका इंतजार है। यहां अभी बीच-बीच में प्री मानसून बारिश देखने को मिल रही है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में मानसून की दस्तक 20 से 23 जून के बीच हो सकती है।

14:43 (IST) 19 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: राजस्थान में मौसम पर क्या है अपडेट?

पूर्वी राजस्थान में अनेक स्थानों पर पश्चिमी राजस्थान में कुछ जगहों पर बादलों के गरजने के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक वर्षा भरतपुर में 85 मिलीमीटर दर्ज की गई। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान जैसलमेर में 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

13:07 (IST) 19 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: दिल्ली में आसमान में घिरे बादल, तापमान हुआ कम

दिल्ली में गुरुवार को आसमान में बादल घिरे रहे और गर्मी में भी कमी आई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिन इसी तरह के हालात रहेंगे। कुछ जगह हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है।

12:05 (IST) 19 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: झारखंड में भारी बारिश से बढ़ी मुसीबत

झारखंड में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से लोगों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। राज्य के कई जिलों में पिछले दो दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। कई नदियां उफान पर है। खूंटी जिले के तोरपा में बनई नदी पर बना पुल अचानक गिर गया. पुल टूटने के वक्त एक ट्रक उससे गुजर रहा था, हालांकि वह ड्राइवर की होशियारी से बच गया।

11:04 (IST) 19 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: महाराष्ट्र के कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी

महाराष्ट्र के कई जिलों में आज तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर के लिए येलो अलर्ट और रायगढ़ और रत्नागिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के कुछ जिलों में बारिश की वजह से स्कूलों को बंद कर दिया गया है।

09:39 (IST) 19 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: हरियाणा में आज से एक्टिव हो सकता है प्री-मानसून

हरियाणा में बुधवार को कई जिलों में तेज बारिश हुई। गुरुवार को राज्य के 17 जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि आज से प्री-मानसून एक्टिव हो सकता है।

09:23 (IST) 19 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: गांधीनगर में भारी बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव

गुजरात के गांधीनगर में भारी बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। इसकी वजह से कई कारें और बाइक आदि फंस गईं।

09:13 (IST) 19 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: यूपी में होगी झमाझम बारिश

यूपी में अगले कुछ दिनों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी और तापमान भी कम होगा।

08:27 (IST) 19 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: मध्य प्रदेश में आज होगी तेज बारिश

मध्य प्रदेश आज सुबह गरज-चमक के साथ थोड़ी तेज बारिश हो सकती है। दिन में बादल छाए रहेंगे। 20 से 22 जून तक लगातार बारिश होने और बिजली गिरने की संभावना है।

07:36 (IST) 19 Jun 2025
Aaj ka Mausam LIVE: बिहार में बादल घिरा रहेगा, उमस भी रहेगा

आज बिहार में मौसम बादलों से घिरा रहेगा, उमस बनी रहेगी और दोपहर बाद हल्की बारिश के आसार हैं। तापमान 32 डिग्री तक जा सकता है। सुबह-शाम बाहर निकलना ठीक रहेगा, दोपहर में सतर्क रहें।