शिवसेना यूबीटी के नेता आदित्य ठाकरे ने गुरुवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू को चेताया कि केजरीवाल, हमारी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के साथ में जो हुआ है, वह भविष्य में उनके साथ में भी हो सकता है। क्षेत्रीय दलों को कमजोर करने के लिए भारतीय जनता पार्टी का चल रहा अभियान उनके राजनीतिक भविष्य के लिए गंभीर खतरा है।
शिवसेना यूबीटी के नेता आदित्य ठाकरे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘हमारे देश का भविष्य संदेह में है। हमें नहीं पता कि मतदाता धोखाधड़ी और ईवीएम धोखाधड़ी के बीच हमारा वोट कहां जा रहा है। क्या भारत में चुनाव अभी भी स्वतंत्र और निष्पक्ष हैं। हमारे साथ, अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के साथ जो हुआ, वह भविष्य में नीतीश कुमार, आरजेडी और चंद्रबाबू नायडू के साथ हो सकता है।’
बीजेपी का सपना क्षेत्रीय पार्टियों को तोड़ना- आदित्य ठाकरे
आदित्य ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी पर क्षेत्रीय दलों को टारगेट करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी का सपना हर क्षेत्रीय पार्टी को तोड़ना और खत्म करना है, जैसा कि वे इस देश में लोकतंत्र के साथ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन हमारे रिश्ते बने रहेंगे। दिल्ली के लोग जानते हैं कि केजरीवाल ने पिछले एक दशक में क्या काम किया है। चुनाव आयोग ने दिल्ली चुनावों में एक प्रमुख भूमिका निभाई। इंडिया गठबंधन और सभी विपक्षी दलों को अगले कदमों पर रणनीति बनानी चाहिए, क्योंकि हमारे लोकतंत्र में चुनाव अब स्वतंत्र और निष्पक्ष नहीं हैं। बता दें कि आदित्य ठाकरे ने आज दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की है। उन्होंने एक दिन पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी।
महाराष्ट्र कैबिनेट विस्तार से पहले आदित्य ठाकरे ने देवेंद्र फडणवीस से की थी बड़ी अपील
जेडीयू ने भी आदित्य ठाकरे को दी नसीहत
शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे के बयान पर जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, ‘उन्हें जमीनी हकीकत का कोई ज्ञान नहीं है। बिहार के पिछड़े, दलित और गरीब समुदायों ने ईवीएम आने के बाद ही मतदान करना शुरू किया। इससे पहले जब बैलेट पेपर से मतदान होता था, तो लोग बूथ चुरा लेते थे। आदित्य ठाकरे जेडीयू और नीतीश कुमार को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है।’ आखिर कैसे अरविंद केजरीवाल ने गंवा दी नई दिल्ली की सीट? पढ़ें पूरी खबर…
