उत्तरी कश्मीर के सोपोर कस्बे में शनिवार को हुए आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान शहीद हो गए और कई घायल हैं। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने एक चौकी को निशाना बनाया जहां सीआरपीएफ की 179वीं बटालियन और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान तैनात हैं। बीते एक सप्ताह में अर्धसैनिक बल पर हुआ यह तीसरा हमला है।
इसी बीच, पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकियों और गांवों में गोलाबारी की। रक्षा प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गोलाबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि रात 8:30 बजे नियंत्रण रेखा के पास डेगवार सेक्टर में पाकिस्तान की सेना ने संघर्षविराम का उल्ंलंघन करते हुए बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलाबारी शुरू की और मोर्टार दागे। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की और खबर लिखे जाने तक दोनों सीमाओं से गोलीबारी जारी थी।
लॉकडाउन उल्लंघन पर उप महापौर समेत 3 भाजपा नेताओं पर केस: जम्मू नगर निगम (जेएमसी) की उप महापौर पूर्णिमा शर्मा और एक पूर्व विधायक समेत तीन भाजपा नेताओं पर लॉकडाउन के दौरान निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के लिए शनिवार को मामला दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि शर्मा, पूर्व विधायक राजेश गुप्ता और जेएमसी पार्षद संध्या गुप्ता के खिलाफ शहर के पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेता राहत सामग्री बांटने के उद्देश्य से रघुनाथ बाजार के पास हरि थियेटर गए थे। अधिकारियों ने कहा कि नेताओं ने राहत कार्य के दौरान सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं किया जिससे पुलिस कर्मियों को व्यवस्था बनाए रखने के लिए मशक्क्त करनी पड़ी। उप महापौर से संपर्क किए जाने पर उन्होंने प्राथमिकी दर्ज किए जाने पर आश्चर्य प्रकट किया और कहा कि वह घटना स्थल पर मौजूद नहीं थीं वहां क्या हुआ उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।