Himachal Pradesh: हिमाचल में प्राकृतिक आपदा से राज्य के लोगों को काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ा रहा है तो वहीं सेब किसाानों को काफी नुकसान पहुंचा है। इसको लेकर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने मंगलवार को मोदी सरकार पर हमला बोला है। श्रीनेत ने कहा, ‘एक फिल्म का डायलॉग है कि एक मैंने जो कमिटमेंट कर दी, फिर मैं खुद भी नहीं सुनता- मोदी जी ने ऐसा कमिटमेंट अडानी और अमेर‍िका से क‍िया है।’

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि जब मोदी जी प्रधानमंत्री नहीं थे तो कहते थे कि हिमाचल उनका दूसरा घर है। सेब पर 100% इंपोर्ट ड्यूटी लगा देंगे, लेक‍िन अब खबरें हैं क‍ि मोदी जी ने जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेर‍िका को कम‍िटमेंट क‍िया है। यही कारण है कि अमेर‍िका के सेब पर 15% इंपोर्ट ड्यूटी लगेगी, जो कभी 70% थी। उन्होंने कहा कि मेजबान हो तो नरेंद्र मोदी जैसा। अमेर‍िका के राष्‍ट्रपत‍ि ह‍िंदुस्‍तान आते हैं और अपने देश के क‍िसानों के ल‍िए उपहार लेकर चले जाते हैं। अमेर‍िका के सेब पर 15% इंपोर्ट ड्यूटी कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि मोदी जी, अमेर‍िका के क‍िसानों को उपहार दे रहे हैं और अपने देश के क‍िसानों पर चाबुक चला रहे हैं।

’10 हजार करोड़ का नुकसान’

सुप्रिया ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की वजह से हिमाचल में अनुमानित 10 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है, जहां की GDP का करीब 14% हिस्सा सेब के बागानों से आता है। आज वहां के लोगों को सहायता की जरूरत है, लेकिन PM मोदी 5 लाख से ज्यादा सेब किसानों के साथ नाइंसाफी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल के किसानों ने अडानी के खिलाफ प्रदर्शन किया, तो ये बात PM मोदी तक पहुंच गई। PM मोदी ने कहा- अगर मेरे मित्र के खिलाफ आवाज उठाई, तो तुम्हें मैं सबक सिखाऊंगा। सुप्रिया ने कहा कि अडानी और अमेरिका से कमिटमेंट पूरा करने के लिए PM मोदी ने अपने किसानों पर चाबुक चलाने का काम कर दिया।

प्रियंका गांधी आपदा पीड़ितों से मिलीं

वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मंडी के देवरी गांव पहुंचीं। यहां उन्होंने आपदा पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। आपदा के चलते इस इलाके में कई स्कूल ढह गए हैं। बड़ी संख्या में लोग बेघर हुए हैं। इस दौरान प्रियंका गांधी ने गांव वालों को भरोसा दिलाया कि हिमाचल सरकार उनके साथ खड़ी है और उनकी हर संभव मदद की जाएगी।

मैंने पीएम मोदी से कहा था राष्ट्रीय आपदा घोषित कीजिए: हिमाचल सीएम

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मैंने PM मोदी को कहा था कि इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित कीजिए। 12,000 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं प्रियंका गांधी का धन्यवाद करना चाहूंगा कि उन्होंने आज हिमाचल प्रदेश आकर हर जगह दौरा करने का विचार रखा और महसूस किया कि राष्ट्रीय आपदा की घोषणा होनी चाहिए। हम सब की यही मांग है।