सिक्स पैक ऐब्स बनाने के लिए आपको जिम जाकर पसीना बहाने की जरूरत नहीं है। आप अपने घर पर ही योग की मदद से सिक्स पैक ऐब्स हासिल कर सकते हैं। योगाचार्यों का दावा है कि अगर कुछ खास योगासन आप नियमित रूप से करें तो आप भी बॉलीवुड एक्टर्स या बॉडी बिल्डर्स की तरह सिक्स पैक ऐब्स पा सकते हैं। आज हम आपको ऐसे तीन योगासनों के बारे में बताने वाले हैं।

वीरभद्रासन – यह योगासन अंदरुनी मजबूती में सुधार करने में मदद करता है। इसके साथ ही यह पैरों को टोन करने में मदद करता है। यह वर्कआउट शरीर के लिए प्रभावी होता है। इसे करने के लिए दाया पैर घुटने से मोड़ते हुए आगे की तरफ लाएं। उसके बाद बाएं पैर को 90 डिग्री के कोण पर दायें पैर से दूर रखें। उसके बाद अपने हाथों को साइड में फैल लें। इस मुद्रा में 60 सेकेंड तक रहें।

पादउत्‍थानासन – इसे करने के लिए आपको सबसे पहले कमर के बल जमीन पर आसन बिछाकर को‍हनियों का सहारा लेते हुए लेटना होता है। लेटने के बाद शरीर को बिल्कुल ढीला छोड़ दें और सांस भरते हुए दोनों पैरों को एक साथ ऐसे उठाएं कि पैरों का ऐंगल 45 डिग्री बन जाएं और 45 डिग्री पर पैरों को रोक दें। ऐसा करते हुए आपके एब्डोमन पर जोर पड़ेगा। अब फिर सांस छोड़ते हुए पैर वापस ले आएं। जितनी देर तक इस आसन में रूक सकते हैं रुकें और फिर शरीर को ढीला छोड़ दें। दूसरी क्रिया में फिर से सांस भरते हुए घुटनों को बिल्कुल सीधा रखते हुए दोनों पैरों को 90 डिग्री के ऐंगल पर सीधा उठाएं। इसमें आप हाथों का सपोर्ट भी ले सकते हैं। इस आसन में आपको पेट पर पड़ने वाले दबाव पर ध्यान टिकाना है। सांस छोड़ते हुए पैरों को वापिस ले आएंगे। शरीर को फिर ढ़ीला छोड़ देंगे। कम से कम 5 से 10 बार इन दोनों क्रियाओं का अभ्यास करें।

हलासन – ये आसन पाचन क्रिया में भी सहायक होता है। इससे कमर, पेट, कंधों, पैरों की मांसपेशियां मजबूत बनती हैं। इसे करने के लिए जमीन पर पीठ के बल लेटें और दोनों हाथों को मिलाकर रखें। हथेलियों को जमीन से सटाकर रखें। चेहरा ऊपर रखें। अब सांस लें और पैरों को सिकोड़कर ऊपर उठाना शुरू करें। दोनों पैर जब शरीर से 90 डिग्री का कोण बनाएं तो सांस छोड़ना शुरू करें। दोनों पैरों को सिर के पीछे जमीन से लगाएं। इसे चार बार कर सकते हैं।

https://www.jansatta.com/lifestyle/weight-loss-gain-hindi/