दुनिया भर में माइग्रेन से पीड़ित लोगों की काफी बड़ी तादाद है। अमेरिका की एक रिपोर्ट के अनुसार दुनिया का हर सातवां व्यक्ति माइग्रेन की समस्या से परेशान है। सिर में हो रहे लगातार दर्द को माइग्रेन कहा जाता है। वहीं भारत में करीब 15 करोड़ लोग इस समस्या से परेशान है। हाथ-पैर में झुनझुनी, उल्टी और रोशनी तथा आवाज से सेंसिटीविटी का बढ़ना जैसे लक्षण माइग्रेन के लक्षण होते हैं।

लोग इसके लिए तमाम तरह के चिकित्सकीय उपचार अपनाते हैं। लेकिन योग गुरु स्वामी रामदेव के अनुसार सिरदर्द करीब 59 प्रकार के होते हैं जो वात, पित्त, कफ, गैस, मोटापा, थकान, तनाव आदि के कारण होता है। आपको बता दें कि माइग्रेन मूल रूप से न्यूरोलॉजिकल समस्या हैं। इस समस्या में सिर के एक तरफ तेज दर्द होता है। इस समस्या से परेशान लोगों को डार्क सर्कल जैसी समस्याओं का भी सामना करना पड़ता है।

बाबा रामदेव के मुताबिक आपको किसी भी तरह का दर्द हो तो योगासन, प्राणायम और कुछ घरेलू उपायों को अपनाकर इस समस्या से हमेशा के लिए छुटकारा पा सकते हैं। आज हम आपको बाबा रामदेव द्वारा बताये गए उन आसनों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनको नियमित रूप से करने से माइग्रेन की समस्या को हमेशा-हमेशा के लिए खत्म किया जा सकता है।

भ्रामरी: इस प्राणायाम को करने के लिए पहले पद्मासन की मुद्रा में बैठ जाएं। अब एक लंबी और गहरी सांस भरें। सांस भरकर अपने दोनों हाथ को चेहरे के सामने लाएं। पहली दो उंगलियां ललाट पर रखें और बाकि 3 अंगुलियों से आंखों को बंद करें। दोनों हाथ के अंगूठों से कान को बंद करके ओम का का नाद करते हैं। इस प्राणायाम को 3-21 बार किया जा सकता है।

हलासन: इस आसन को करने के लिए सबसे पहले लेटकर दोनों एड़ी पंजो को आपस में मिला लें। अब दोनों टांगों को धीरे-धीरे ऊपर उठाएं और श्वास बाहर की तरह छोड़ते हुए सिर की तरफ लेकर आएं। अब पंजों को जमीन से टिका दें। अंत में धीरे-धीरे पूर्व अवस्था में लौट आएं।

अनुलोम -विलोम: माइग्रेन के लिए यह आसन सबसे रामबाण है। इससे तनाव भी दूर होता है। ओमकार और गायत्री मंत्र का ध्यान रखें। इस आसन को कम से कम 15 मिनट करें। वात, पित्त और कब्ज की समस्या से भी निजात दिलाता है।

स्वामी रामदेव के अनुसार मरीज कुछ घरेलू उपाय का भी सेवन कर सकते हैं। जैसे, मेधावटी 2-2 गोली सुबह शाम ले सकते हैं, एक चम्मच बादाम रोगन दूध में डालकर सुबह पिएं साथ ही बादाम अखरोट को भिगोकर भी सेवन कर सकते हैं।