योग शरीर को स्वस्थ और फिट रखने का बेहतरीन माध्यम है। योग हमें स्वस्थ तन और स्वस्थ मन देता है। इसलिए आज सारा विश्व योगमय होता जा रहा है। स्वस्थ शरीर व शांत मन सभी की चाहत होती है और यह चाहत विभिन्न योग आसनों की सहायता से पूरी की जा सकती है। लोग निरोग होने के लिए नियमित योग कर रहे हैं।
रोग मुक्त होना है, तो हमें योग की शरण में जाना ही होगा। लेकिन गलत तरीके से योग करना सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। इन सबके अलावा योग से पहले यह बात भी जान लेना जरूरी है कि योग के पहले और बाद में क्या करना चाहिए और क्या नहीं। तो आइए हम आपको बताते हैं कि योग करते समय आपको किन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
खुले में करें योग: योगासन सांसों और शरीर का संयुक्त अभ्यास है। खुली एवं ताजी हवा में योगासन करना सबसे अच्छा माना जाता है। अगर ऐसा न हो, तो किसी भी खाली जगह पर आसन किए जा सकते हैं।
कब करें योग: आसन सुबह के समय करना ही सबसे अच्छा होता है। सुबह आपके पास समय नहीं है, तो शाम या रात को खाना खाने से आधा घंटा पहले भी कर सकते हैं। यह ध्यान रखें कि आपका पेट न भरा हो। भोजन करने के 3-4 घंटे बाद और हल्का नाश्ता लेने के 1 घंटे बाद योगासन कर सकते हैं। चाय-छाछ आदि पीने के आधे घंटे बाद और पानी पीने के 10-15 मिनट बाद आसन करना बेहतर रहता है।
कब न करें योग: खाना खाने के तुरंत बाद न करें योग – योग या एक्सरसाइज करने से पहले अक्सर यही सलाह दी जाती है कि खाना खाने के तुरंत बाद इनका अभ्यास कतई न करें। ऐसा करने से पाचन संबंधी समस्या हो सकती है। खाना खाने के तीन घंटे के बाद योग किया जा सकता है। अगर आप बीमार हैं तो योग न करें। यह आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में आप डॉक्टर की सलाह ले सकते हैं। अगर उनकी हां तो योग किया जा सकता है।
तुरंत न नहाएं: योग करने से शरीर से काफी ऊर्जा खर्च होती है। इस वजह से शरीर में काफी गर्मी रहती है। ऐसे में तुरंत नहा लेना आपको बीमार कर सकता है। वहीं योग करने के तुरंत बाद पानी पीने से खांसी की समस्या हो सकती है। इसलिए योगा के बाद कुछ देर इंतजार करके ही पानी पीना चाहिए।