आजकल बदलते लाइफस्टाइल के कारन लोगों में पीठ दर्द और कमर दर्द की समस्या आम है। बहुत से लोग इस पीठ और कमर दर्द की समस्या से परेशान हैं। कमर दर्द से छुटकारा पाने के लिए लोग कई तरह की दवाइयों का सेवन कर रहे हैं। लेकिन फिर भी इस समस्या से पूरी तरह से छुटकारा नहीं मिल पाता।

Continue reading this story with Jansatta premium subscription
Already a subscriber? Sign in

योगगुरु स्वामी रामदेव के मुताबिक योग में हर तरह की समस्या का समाधान मौजूद है। गंभीर से गंभीर बीमारियां नियमित योगाभ्यास से ठीक हो जाती हैं। यहां योग गुरु बाबा रामदेव 5 ऐसे आसान योगासन बता रहे हैं, जिनके नियमित अभ्यास से इस समस्या से पूर्णतः छुटकारा मिल सकता है।

कंधरासन: यह आसन कमर दर्द के लिए काफी लाभदायक है। इसमें सबसे पहले घुटनों को नितंबों के पास रखते हुए पीठ के बल लेट जाइए। हाथ कमर के पास सीधे रखिए। फिर नितंबों को ऊपर उठाइए। सांस को रोक कर रखिए। इसके बाद नितंबों को वापस लाते समय सांस छोड़िये और पूर्व स्थिति में आ जाइए। इस क्रिया को 10 बार कीजिए।

भुजंगासन: भुजंगासन करने के लिए पेट के बल जमीन पर लेटकर दोनों पैर सीधे करके मिला लीजिए। फिर दोनों हाथों को चेहरे के सामने रख लीजिए। दोनों हाथ की उंगलियों को पान का आकार दीजिए। उस आकार में अपनी ठोड़ी को रख लीजिए। सांस भरते समय धीरे-धीरे दोनों हाथों को सीधा कीजिए। कुछ समय तक इसी स्थिति में रुकिए। फिर धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए पूर्व स्थिति में आ जाइए।

मकरासन: कमरदर्द से छुटकारा पाने के लिए मकरासन सबसे सही आसन है। इसे करने के लिए सबसे पहले पेट के बल सपाट लेट जाइए। कुहनियों के सहारे सिर और कंधों को उठाइए और हथेलियों पर ठोड़ी को टिका दीजिए। आंखों को बंद करके पूरे शरीर को ढीला छोड़ दीजिए।

हस्त पादागुष्ठान: यह आसन भी कमर के लिए काफी लाभदायी है। इसे करने के लिए पैर सीधे करके पीठ के बल लेट जाइए और दोनों हाथों को ‘टी’ (T) की स्थिति में रखिए। इसके बाद सांस छोड़ते हुए एक पैर का घुटना सीधा रख कर दूसरी ओर के हाथ के समानांतर ले जाइए। सिर दूसरी दिशा में घुमा लीजिए। थोड़ी देर इसी स्थिति में रहने के बाद सांस लेते हुए सामान्य स्थिति में आ जाइए। ऐसे ही दूसरी ओर से इसको दोहराइए।

मर्कटासन: मर्कट का अर्थ बंदर होता है, इसलिए इस आसन को बंदर आसन भी कहा जाता है। मर्कट आसन करने से पीठ के दर्द में राहत मिलती है और रीड की हड्डियों का विकार दूर होता है। पीठ के बल लेटकर दोनों हाथों को कमर से नीचे रखें। दोनों पैरों को जोड़कर घुटनों से मोड़ लें। अब कमर से नीचे के हिस्से को ट्विस्ट करते हुए पैरों को एक बार दायीं तरफ बगल में जमीन पर टिका दें। इस अवस्था में सिर को उसकी उलटी दिशा में रखते हैं। इस आसन को 10 से 20 सेकेंड से शुरू करते हुए टाइमिंग बढ़ानी है।