World Healing Day, हर साल लोगों को उनके शरीर के प्रति जागरूक करने के लिए मनाया जाता है। 65 से ज्यादा देश इसे हर साल मनाते हैं और इसके तहत योगा, मेडिटेशन समेत कई प्रकार के मेंटल और फिजिकल एक्सरसाइज करवाए जाते हैं। इसे मनाने के पीछे सिर्फ एक ही लक्ष्य होता है तन और मन दोनों से सेहतमंद रहना। इसी मुहिम से एक एक्सरसाइज जुड़ी हुई है जिसे ताई ची (Tai chi) कहते हैं। ये असल में चीन की सबसे फेमस एक्सरसाइज है जो एक प्रकार का मेडिटेशन है और आपको मानसिक रूप से शांत करता है। आइए, जानते हैं इसके बारे में विस्तार से।
Tai chi क्या है?
ताई ची, चीन की एक फेमस एक्सरसाइज है जो ‘सॉफ्ट’ मार्शल आर्ट में आता है। ये स्ट्रेस मैनेजमेंट के लिए काफी फेमस है। ताई ची धीमी, नियंत्रित गतिविधियों या मुद्राओं की एक श्रृंखला है, जिसे आमतौर पर प्रकृति की आसपास की ऊर्जा का लाभ उठाने के लिए एक खुले वातावरण में किया जाता है। ताई ची मूवमेंट्स को शैडो बॉक्सिंग या धीमी गति में ‘शैडो कुंग फू’ के रूप में वर्णित किया जा सकता है। इसके नियमित अभ्यास से शरीर में लचीलापन और ताकत बढ़ सकती है और हृदय संबंधी फिटनेस में सुधार हो सकता है। इसमें सही मुद्रा पर ज्यादा जोर दिया जाता है जो कि शरीर के लिए एक प्रकार का मेडिटेशन है।
ताई ची के फायदे
ताई ची को योग से बेहतर माना जाता है क्योंकि ये दिमाग को शांत करने और बॉडी को रिलैक्स करने में मददगार है। इस एक्सरसाइज को करने से शरीर के हर टिशू को आराम मिलता है और इनकी हीलिंग होती है। इसके अलावा ये दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद है और ब्लड सर्कुलेशन को तेज करने में ये बेहद कारगर है।
जो लोग मानसिक रूप से परेशान रहते हैं या जिन्हें नींद नहीं आती और डिप्रेशन के लक्षण महसूस हो रहे हैं उनके लिए ये एक्सरसाइज बहुत फायदेमंद है। रेगुलर इसे करने पर नींद की गुणवत्ता बेहतर होती है और थकान में कमी आती है। इन सबके अलावा ये शरीर की थकान को कम करने और फिर हड्डियों को हेल्दी रखने में मददगार है। तो इन तमाम कारणों से आपको इस एक्सरसाइज को करना चाहिए।
पर ध्यान देने वाली बात ये है कि इस एक्सरसाइज को करने से पहले किसी ट्रेनर की मदद जरूर लें। इससे आपको इसे करने में आसानी होगी और आप इसे सही तरीके से कर पाएंगे जिससे आपको इसका पूरा फायदा मिल पाएगा।