अंडा सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। इसे पोषक तत्वों का पावरहाउस कहा जाता है। खासकर अंडा एक पूर्ण प्रोटीन स्रोत हैं, यानी इसमें सभी आवश्यक अमीनो एसिड होते हैं, जिनकी शरीर को विभिन्न कार्यों के लिए जरूरत होती है। साथ ही इसका स्वाद भी कमाल का होता है। यही वजह है कि अधिकतर लोग इसे खाना पसंद करते हैं।

इनमें भी नाश्ते में अंडा सबसे ज्यादा खाया जाता है। हालांकि, अगर आप रोज-रोज बॉईल एग या अंडा भुर्जी खाकर बोर हो गए हैं और अब कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो आज के नाश्ते में आप अंडे की एक यूनिक रेसिपी ट्राई कर सकते हैं।

आज के ब्रेकफास्ट में आप अंडा घोटाला बनाकर खा सकते हैं। इसके लिए शेफ संजीव कपूर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक बेहद आसान रेसिपी शेयर की है। आइए जानते हैं इससे हेल्दी और टेस्टी नाश्ता बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका-

चाहिए होंगी ये चीजें-

  • अंडा घोटाला बनाने के लिए आपको 2 अंडे (उबले और छिले हुए)
  • 2 सादे अंडे
  • 2 बड़े चम्मच मक्खन
  • 2 हरे लहसुन के डंठल (बारीक कटे हुए)
  • 2 प्याज (बारीक कटे हुए)
  • 2 टमाटर (बारीक कटे हुए)
  • ¼ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • एक चुटकी हल्दी पाउडर
  • ½ बड़ा चम्मच पाव भाजी मसाला
  • ½ बड़ा चम्मच धनिया पाउडर
  • ½ छोटा चम्मच गरम मसाला पाउडर
  • नमक स्वाद अनुसार और
  • 2 बड़े चम्मच ताजे हरे धनिये की जरूरत होगी।

कैसे बनाएं अंडा घोटाला?

  • इसके लिए सबसे पहले एक नॉन-स्टिक पैन में 2 बड़े चम्मच मक्खन गरम करें, उसमें कटा हुआ हरा लहसुन डालकर सुनहरा भूरा होने तक भून लें।
  • इसके बाद पैन में प्याज डालें और 2-3 मिनट तक पकाएं।
  • अब, टमाटर और नमक डालें और टमाटर के गूदेदार होने तक पकाएं।
  • पैन में लाल मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें।
  • इसके बाद पाव भाजी मसाला, धनिया पाउडर, गरम मसाला डालें और 2-3 मिनट तक पकाएं।
  • अब, ½ कप पानी डालें, मैशर के पिछले भाग का उपयोग करके पके हुए मिश्रण को मैश करें।
  • मिश्रण में उबले अंडे को कद्दूकस कर लें, थोड़ा और पानी डालें और एक मिनट तक पकाएं।
  • इसके बाद मिश्रण में 2 अंडे तोड़ कर मिला दीजिए।
  • इसके ऊपर हरा धनियां डाल कर अच्छी तरह मिला लें और पैन को आंच से उतार लें।
  • इतना करते ही आपका अंडा घोटाला बनकर तैयार हो जाएगा। आप इसे सादा या पाव के साथ खा सकते हैं।