दही हमारे आहार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। ज्यादातर भारतीय खाने के साथ दही खाना पसंद करते हैं, इससे न केवल खाने का स्वाद और अधिक बढ़ जाता है बल्कि दही खाने से आपकी सेहत को भी कई फायदे मिलते हैं। हालांकि, क्या आप जानते हैं दही खाने का सबसे अच्छा समय क्या है या दही खाने का सही तरीका क्या है? अगर नहीं, तो यहां हम आपको इन्हीं सवालों का जवाब देने वाले हैं। आइए जानते हैं इस बारे में विस्तार से-

क्या है दही खाने का सबसे अच्छा समय?

कई हेल्थ रिपोर्ट्स बताती हैं कि सुबह खाली पेट एक कटोरी दही का सेवन आपके लिए सबसे अधिक फायदेमंद हो सकता है। आइए जानते हैं कैसे-

वेट लॉस में मददगार

आज के समय में ज्यादातर लोग बढ़ते वजन से परेशान हैं। वहीं, अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं और शरीर की चर्बी से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो इसके लिए आप रोज खाली पेट एक कटोरी दही खाकर अपने दिन की शुरुआत कर सकते हैं। दही में प्रोटीन की उच्च मात्रा होती है, जो तृप्ति की भावना को बढ़ाती है और भूख को नियंत्रित करती है। ऐसे में फिर सुबह एक कटोरी दही खाने पर आप दिनभर ओवरईटिंग से बच जाते हैं, इससे अनावश्यक कैलोरी सेवन कम होता है, जिससे आपको वेट लॉस में मदद मिलती है।

स्किन को मिलता है फायदा

दही में लैक्टोबैसिलस जैसे प्रोबायोटिक्स बेहद अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं, ये आंतों में अच्छे बैक्टीरिया की संख्या बढ़ाते हैं। ये बैक्टीरिया पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाते हैं और आपकी गट हेल्थ को दुरुस्त रखते हैं। वहीं, आपको बता दें कि अच्छी गट हेल्थ का आपकी स्किन पर सीधा असर पड़ता है।

गट हेल्थ अच्छी रहने पर आपके शरीर में विषाक्त पदार्थों की मात्रा कम होती है, जिससे आपकी ओवरऑल हेल्थ में तो सुधार होता ही है, साथ ही आपकी स्किन भी नेचुरली ग्लोइंग और साफ नजर आती है।

इसके अलावा दही में प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन डी और बी-विटामिन्स होते हैं, जो त्वचा की सेहत के लिए जरूरी हैं। ये पोषक तत्व स्किन सेल्स की मरम्मत और पुनर्निर्माण में मदद करते हैं, जिससे त्वचा स्वस्थ और युवा दिखती है। दही का नियमित सेवन शरीर में नमी बनाए रखने में मदद करता है, जिससे भी स्किन हेल्दी और सोफ्ट नजर आती है।

स्ट्रेस होता है कम

दिनभर तनाव को कम करने के लिए आप अपने दिन की शुरुआत एक कटोरी दही खाकर कर सकते हैं। दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं। ये मस्तिष्क में न्यूरोट्रांसमीटर के स्तर को संतुलित करते हैं, जिससे तनाव और चिंता में कमी आती है।

दिनभर बनी रहेगी एनर्जी

अगर आप आधा दिन बीतने पर ही खुद को कमजोर या थका हुआ महसूस करने लगते हैं और फिर इसका असर आपके काम पर भी पड़ने लगता है, तो इस स्थिति में भी खाली पेट दही खाना आपने के लिए फायदेमंद हो सकता है। दही में मौजूद कार्बोहाइड्रेट्स और प्रोटीन शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करते हैं, जिससे दिनभर की थकान कम होती है और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है।

बालों की सेहत में सुधार

इन सब से अलग खाली पेट दही खाना आपके बालों के लिए भी फायदेमंद हो सकता है। दही में प्रोटीन और विटामिन्स की उपस्थिति बालों को मजबूत बनाती है और उन्हें प्राकृतिक चमक प्रदान करती है। साथ ही इसके नियमित सेवन से बालों का झड़ना भी कम हो सकता है।

क्या है दही खाने का सही तरीका?

तमाम फायदों के बावजूद दही खाते समय कुछ खास बातों को ध्यान में रखना जरूरी हो जाता है। जैसे-

  1. दही को अत्यधिक ठंडा न खाएं, खासकर सर्दियों में इससे गले में खराश या सर्दी-जुकाम की समस्या हो सकती है।
  2. खाली पेट खाने पर दही में चीनी या नमक न मिलाएं। इससे अलग आप इसमें चुटकीभर काली मिर्च या मेथी पाउडर मिला सकते हैं।
  3. खाली पेट दही के साथ मछली, प्याज या उड़द दाल खाने से बचें। इससे कुछ लोगों को पाचन संबंधी परेशानी हो सकती है।
  4. इसके अलावा जो लोगों लैक्टोज इन्टॉलरेंस हैं, उन्हें दही के सेवन से पहले चिकित्सक से परामर्श करना चाहिए।

दही का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है, बशर्ते इसे सही समय, सही संयोजन और सही तरीके से खाया जाए।

उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- चने का सत्तू कैसे बनाते हैं? वेट लॉस के लिए जानें Sattu Drink में क्या-क्या मिलाया जाता है