हाथ-पैरों में सूजन आना एक आम परेशानी है जो कभी- कभी किसी को भी हो सकती है। लेकिन लगातार हाथ-पैरों और चेहरे पर सूजन आना ठीक नहीं है। ये किसी बीमारी के संकेत हो सकते हैं। हर इंसान में सूजन के लक्षण अलग-अलग होते हैं, किसी के चेहरे पर सूजन आती है तो किसी के हाथ-पैरों में सूजन रहती है। कई बार हाथ-पैरों में चोट लगने से सूजन आ सकती है, बिना घाव और चोट के सूजन आना किसी आंतरिक बीमारी के संकेत हो सकते हैं।
आमतौर पर सूजन वजन अधिक होने, ज्यादा देर तक बैठने, प्रेग्नेंसी, बढ़ती उम्र, या खान पान खराब होने की वजह से हो सकती है। हाथ-पैरों में सूजन और भी कई कारणों की वजह से हो सकती है जैसे हार्ट, लीवर और किडनी की बीमारी की वजह से सूजन आ सकती है। आइए जानते हैं कि हाथ-पैरों और चेहरे पर सूजन आना किन बीमारियों के संकेत हो सकते हैं।
थॉयराइड की वजह से हो सकती है सूजन:
थॉयराइड एक ऐसी परेशानी है जिसकी वजह से हाथ-पैरों और चेहरे पर सूजन आ सकती है। अगर आप डाइट पर कंट्रोल करते हैं फिर भी आपका वजन तेजी से बढ़ रहा है और हाथ-पैरों पर सूजन अधिक आ रही है तो यह हाइपोथायराइडिज्म के लक्षण हो सकते हैं। थायरॉक्सिन हार्मोन की कमी के कारण शरीर में सूजन बढ़ सकती है।
किडनी की परेशानी के लक्षण हैं हाथ-पैरों में सूजन:
किडनी का काम बॉडी से टॉक्सिन को बाहर निकालना है। किडनी ठीक (Symptom of Kidney Disease)से काम करना बंद कर देती है तो टॉक्सिन बॉडी में जमा होने लगते हैं, जिसकी वजह से सूजन की समस्या होती है। अगर आप लगातार अपनी बॉडी में ये लक्षण महसूस कर रहे हैं तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
सिस्ट और ट्यूमर के हो सकते हैं लक्षण:
अगर आपको हाथ-पैरों पर सूजन के बाहरी कारण नहीं दिख रहे तो फौरन डॉक्टर को दिखाएं। हाथ-पैरों और चेहरे पर सूजन सिस्ट और ट्यूमर की वजह से हो सकती है। आप फौरन डॉक्टर को दिखाएं और टेस्ट कराकर सूजन का पता लगाएं।
कमजोर दिल वालों के हाथ-पैरों पर आ सकती है सूजन:
जिन लोगों का हार्ट ठीक से खून को पम्प नहीं कर पाता या जिनका दिल कमजोर होता है उनके भी चेहरे और हाथ-पैरों में सूजन आ सकती है। हाथ-पैरों में बिना वजह सूजन का आना दिल की बीमारी के लक्षण हो सकते हैं।
लीवर की खराबी के हो सकते हैं संकेत:
लीवर में किसी भी तरह की दिक्कत आने पर भी हाथ-पैरों में सूजन की शिकायत हो सकती है। जब भी लिवर में दिक्कत आती है तो आपके पेट में सूजन और दर्द के रूप में इसके लक्षण नजर आ सकते हैं। फैटी लीवर की समस्या होने पर भी हाथ-पैरों और चेहरे पर सूजन आ सकती है।