प्रेग्नेंसी के दौरान त्वचा में खिंचाव के कारण ज्यादातर महिलाओं के शरीर पर स्ट्रेच मार्क्स आ जाते हैं। गर्भावस्था में महिलाओं का वजन तेजी से बढ़ता है, जिसके कारण डिलीवरी के बाद उनके पेट के निचले हिस्से, बाजू, कुल्हों और पिंडली आदि पर स्ट्रेच मार्क्स हो जाते हैं। यूं तो स्ट्रेच मार्क्स के कारण कोई स्वास्थ्य परेशानी नहीं होती, लेकिन दिखने में ये बेहद ही भद्दे लगते हैं। स्ट्रेच मार्क्स के कारण अक्सर महिलाएं स्लीवलेस ड्रेसिज और क्रॉप टॉप पहनने में झिझकती हैं।

स्ट्रेच मार्क्स से छुटकारा पाने के लिए महिलाएं तरह-तरह के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करती हैं। हालांकि, घरेलू उपायों के जरिए भी स्ट्रेच मार्क्स की इस समस्या से निजात पाया जा सकता है। ये घरेलू नुस्खे नेचुरल तरीके से स्ट्रेच मार्क्स को दूर कर, स्किन को टाइट करते हैं।

स्ट्रेच मार्क्स से छुटकारा पाने के लिए घरेलू उपाय:

तेल से करें नियमित मसाज: प्रेग्नेंसी में आए स्ट्रेच मार्क्स से छुटकारा पाने के लिए तेल से नियमित तौर पर शरीर की मसाज करनी चाहिए। इसके लिए आप नारियल तेल, जैतून या फिर बादाम के तेल का इस्तेमाल कर सकती हैं। नियमित तौर पर मसाज करने से धीरे-धीरे आपके स्ट्रेच मार्क्स कम हो जाएंगे।

विटामिन ई तेल या कैप्सूल: विटामिन ई तेल में एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं, यह त्वचा को कोलेजन से होने वाली क्षति से बचाते हैं। प्रेग्नेंसी के दौरान ही महिलाओं को विटामिन ई तेल से अपने पेट की मालिश शुरू कर देनी चाहिए। रोजाना 15-20 मिनट तक स्ट्रेच मार्क्स पर विटामिन ई के तेल से मालिश करना फायदेमंद साबित हो सकता है।

एलोवेरा जेल: एलोवेरा जेल को प्रभावित जगह पर लगाएं। 15 मिनट तक त्वचा को ऐसे ही छोड़ दें। सूखने के बाद गुनगुने पानी से स्किन को धो लें। नियमित तौर पर एलोवेरा जेल का इस्तेमाल करने से स्ट्रोच मार्क्स की समस्या दूर हो सकती है।

अंडा: स्ट्रेच मार्क्स को दूर करने में अंडा बेहद ही कारगर है। स्ट्रेच मार्क्स से छुटकारा पाने के लिए अंडे के सफेद भाग का इस्तेमाल करें। एग व्हाइट को सीधे अपनी त्वचा पर लगाएं। करीब 15-20 मिनट सूखाने के बाद त्वचा को गुनगुने पानी से धो लें। नियमित तौर पर इसका इस्तेमाल करें। कुछ ही दिनों में आपको फर्क दिखने लगेगा।