Tarak Mehta Ka Oolta Chashmah: Sab टीवी के पॉपुलर कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में नए मिस्टर सोढ़ी यानि बलविंदर सिंह सुरी की एक्टिंग लोगों को खूब पसंद आ रही है। वो किरदार के साथ पूरी तरह से न्याय कर पा रहे हैं जिससे उन्हें दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। बलविंदर सिंह सुरी बॉलीवुड में भी काफी सक्रिय रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो वो 1994 से बॉलीवुड में एक्टिव रहे हैं। आइए जानते हैं उनसे जुड़ी खास बातें –
शाहरुख के साथ कर चुके हैं काम: बलविंदर सिंह सुरी बॉलीवुड में भी काफी सक्रिय रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो वो 1994 से बॉलीवुड में एक्टिव रहे हैं। उन्होंने शाहरुख खान के साथ ‘दिल तो पागल है’ फिल्म में काम किया था। इस फिल्म में वो शाहरुख के दोस्त बने थे। इसके अलावा, उन्होंने शाहरुख के साथ ‘ रब ने बना दी जोड़ी’ में भी काम किया।
बल्लू के नाम से पुकारते हैं: बलविंदर ने एक इंटरव्यू में कहा था कि आज भी शाहरुख खान इन्हें बल्लू नाम से ही बुलाते हैं। आपको बता दें कि फिल्म ‘दिल तो पागल है’ में भी इनका नाम बल्लू था। वो बताते हैं कि माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर भी उन्हें बल्लू नाम से ही पुकारती हैं।
इन फिल्मों में कर चुके हैं काम: बलविंदर ने और भी कई बॉलीवुड फिल्मों में काम किया है जैसे बादल, लोफर, साजन चले ससुराल, धमाल आदि। उन्होंने सनी देओल के साथ फिल्म ‘इंडियन’ में भी जबरदस्त किरदार निभाया था। वो सलमान खान के साथ भी काम कर चुके हैं। 2000 में आई फिल्म ‘कहीं प्यार न हो जाए’ में उन्होंने सलमान खान और रानी मुखर्जी के साथ काम किया था।
ऐसे हुई छोटे पर्दे पर शुरुआत: उन्होंने 2010 में शुरू हुए धारावाहिक ‘मिसेज और मिस्टर शर्मा इलाहाबाद वाले’ से टीवी जगत में कदम रखा था। तारक मेहता शो से जुड़ने पर बलविंदर काफी खुश हैं। कुछ दिनों पहले ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि यह शो रामायण और महाभारत के बाद सबसे ज्यादा पसंद किया गया है।
उन्होंने बताया कि ‘इस शो के लिए लोकप्रिय शब्द छोटा पड़ जाएगा, यह एक आइकॉनिक शो है। रामायण और महाभारत के बाद , टीवी पर तारक मेहता का उल्टा चश्मा ही है। मेरे लिए यह आधुनिक समय का पुराण है।’
बेकर हैं पत्नी: बलविंदर सिंह की पत्नी का नाम सविंदर सुरी है और वो एक बेकर हैं। उनका एक बेटा भी है।